रायपुर। नवरात्र के पहले दिन सोमवार से संशोधित जीएसटी दरें लागू हो गईं। इससे लोगों को जरूरत की 90% से ज्यादा चीजें सस्ती हो गई हैं। टैक्स में इस राहत का असर बाजारों में दिखने लगा। प्रदेशभर में सांसद, विधायक और भाजपा पदाधिकारी दुकानों पर पहुंचे। उन्होंने उपभोक्ताओं से बातचीत कर पूछा कि उन्हें कितनी बचत हो रही है। दुकानों के वीडियो बनाकर भाजपा के सरल एप पर अपलोड किए गए।
पार्टी ने सात दिनों का अभियान चलाया है, जिसके तहत हर जनप्रतिनिधि को बाजार में जाकर यह देखना है कि कहीं सामान पुरानी कीमतों पर तो नहीं बेचा जा रहा। दिल्ली से इस अभियान की ऑनलाइन मॉनिटरिंग हो रही है। वहीं, सांसद और विधायकों को बाजार से लौटने के बाद एक फीडबैक फॉर्म भरकर सीएम हाउस में जमा करना होगा।
प्रभारी मंत्रियों ने सौंपी जिम्मेदारी
सोमवार को प्रभारी मंत्रियों ने पार्षदों से बात कर उन्हें वार्ड-वार जिम्मेदारी दी। निर्देश दिया गया कि वे दुकानों पर जाकर उपभोक्ताओं से मिलें। अगर कोई व्यापारी पुरानी दरों पर सामान बेच रहा है तो तत्काल अफसरों को सूचना दें और केंद्र से जारी शिकायत नंबर 1915 पर कॉल करें।
किन दुकानों पर स्टीकर?
भाजपा पदाधिकारियों ने दुकानों पर जागरूकता स्टीकर चिपकाए। यह अभियान खासकर बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक, एफएमसीजी, मेडिकल, कार-बाइक और सीमेंट की दुकानों पर केंद्रित है। भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने बताया कि जनप्रतिनिधियों को प्रतिदिन बाजार में जाकर आधे से एक घंटे तक उपभोक्ताओं और व्यापारियों से चर्चा करनी है।
सांसद बृजमोहन ने दुकानों पर किया दौरा
रायपुर के जयस्तंभ चौक से मालवीय रोड तक करीब 70 दुकानों में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने सोमवार को दौरा किया। उनके साथ विधायक सुनील सोनी, महापौर मीनल चौबे और जीएसटी रिफार्म प्रभारी ललित जैसिंघ भी मौजूद रहे। बृजमोहन ने दुकानदारों को गुलाब देकर अभिनंदन किया और स्टीकर लगाए।
इस दौरान एक केक शॉप मालिक भरत से उनकी खास बातचीत हुई।
- भरत ने बताया कि पहले 18% टैक्स देना पड़ता था, अब यह सिर्फ 5% रह गया है।
- कुछ बेकरी सामानों पर अब शून्य टैक्स है।
- उपभोक्ताओं को 20 रुपए से लेकर 100 रुपए तक की राहत मिल रही है।
- व्यापारी के तौर पर भी एमआरपी और हिसाब-किताब का झंझट कम हो गया है।
नवरात्र के पहले दिन लागू जीएसटी कटौती ने बाजार का माहौल बदला है। भाजपा इसे उपभोक्ताओं तक पहुंचाने और जनता को राहत का अहसास कराने के लिए अभियान मोड में है।