योग साधना और समाजसेवा के पुरोधा रूपनारायण सिन्हा को मुख्यमंत्री साय ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि,कहा — उनका जीवन संगठन, सेवा और योग के प्रचार-प्रसार को समर्पित रहा

योग साधना और समाजसेवा के पुरोधा रूपनारायण सिन्हा को मुख्यमंत्री साय ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि,कहा — उनका जीवन संगठन, सेवा और योग के प्रचार-प्रसार को समर्पित रहा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को राजधानी रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष स्वर्गीय रूपनारायण सिन्हा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि श्री सिन्हा का संपूर्ण जीवन समाजसेवा, संगठन निर्माण और योग के प्रचार-प्रसार के लिए समर्पित रहा। उनका निधन न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए अपूरणीय क्षति है।मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय रूपनारायण सिन्हा एक कुशल संगठनकर्ता, सरल, सौम्य एवं मृदुभाषी व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने अपने व्यवहार, कार्यशैली और समर्पण से समाज के विभिन्न वर्गों के बीच विशिष्ट पहचान बनाई थी। योग के प्रति उनकी निष्ठा और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता उन्हें अन्य लोगों से अलग पहचान दिलाती थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष का दायित्व संभालने के बाद श्री सिन्हा ने पूरे उत्साह और समर्पण के साथ प्रदेश में योग आंदोलन को नई दिशा दी। उन्होंने योग को केवल स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए अनेक नवाचार किए, जिसके परिणामस्वरूप प्रदेश में योग गतिविधियों को नई पहचान और व्यापक जनस्वीकृति मिली।मुख्यमंत्री श्री साय ने स्वर्गीय सिन्हा के साथ बिताए क्षणों को याद करते हुए कहा कि प्रत्येक मुलाकात में वे समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए योग आधारित नए विचार साझा करते थे। उनकी सोच सदैव रचनात्मक और जनहितकारी रही तथा वे योग को जन-जन तक पहुंचाने के मिशन में निरंतर सक्रिय रहते थे।उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष जशपुर के रणजीता स्टेडियम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम की सफलता में श्री सिन्हा की महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। सीमित समय में उनके नेतृत्व में आयोजित यह कार्यक्रम उनकी संगठन क्षमता और कार्यकुशलता का उत्कृष्ट उदाहरण था, जिसने योग के प्रति जनजागरूकता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय रूपनारायण सिन्हा का जीवन अनुशासन, सकारात्मक ऊर्जा, समाजसेवा और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण का प्रतीक था। उनका व्यक्तित्व और कार्य आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरणा देते रहेंगे।

श्रद्धांजलि सभा में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, वन मंत्री केदार कश्यप, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद बृजमोहन अग्रवाल,विधायक अमर अग्रवाल, विधायक धरमलाल कौशिक, विधायक अजय चंद्राकर,ललित चंद्राकर,महापौर मीनल चौबे, रमेश बैस, राम प्रताप, पवन साय, डॉ. पूर्णेन्दु सक्सेना, राम दत्त चक्रधर,राजीव लोचन महाराज सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, योग साधक एवं योग जगत से जुड़े लोगों ने उपस्थित होकर स्वर्गीय रूपनारायण सिन्हा को श्रद्धासुमन अर्पित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *