
प्रयास आवासीय विद्यालय के विद्यार्थियों से संवाद में शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, खेल, पर्यटन, सुशासन और विकसित भारत के विजन पर रखे विचार
रायपुर, 3 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित विशेष कार्यक्रम में प्रयास आवासीय विद्यालयों के नीट-2026 में सफल विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों का अभिनंदन करते हुए कहा कि उनकी सफलता पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है और यह साबित करती है कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में संचालित 17 प्रयास आवासीय विद्यालय दूरस्थ, आदिवासी एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों की सफलता का श्रेय उनके परिश्रम, अभिभावकों के आशीर्वाद और शिक्षकों के समर्पण को दिया। श्री साय ने विद्यार्थियों से कहा कि डॉक्टर का स्थान समाज में भगवान के बाद माना जाता है। उन्होंने आह्वान किया कि वे केवल कुशल चिकित्सक ही नहीं, बल्कि संवेदनशील, व्यवहारिक और सेवा भाव से परिपूर्ण डॉक्टर बनें। उन्होंने कहा कि मरीज के प्रति अच्छा व्यवहार भी उपचार का महत्वपूर्ण हिस्सा होता है।
संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में राज्य सरकार की विभिन्न पहलों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रदेशभर में नालंदा परिसर विकसित किए जा रहे हैं, जिनमें 34 नए परिसर निर्माणाधीन हैं। वहीं दिल्ली स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल की क्षमता 50 से बढ़ाकर 200 सीट कर दी गई है, जहां विद्यार्थियों को निःशुल्क आवास एवं भोजन की सुविधा मिल रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में मेडिकल शिक्षा का तेजी से विस्तार हुआ है। वर्तमान में प्रदेश में 15 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं और पांच नए मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं, जिनसे एमबीबीएस की 250 अतिरिक्त सीटें उपलब्ध होंगी।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने शिक्षा, नई शिक्षा नीति, रोजगार, राजनीति, नक्सलवाद, पर्यटन, खेल, स्वास्थ्य, नशामुक्ति, विकसित छत्तीसगढ़, सुशासन और तकनीक आधारित प्रशासन सहित विभिन्न विषयों पर मुख्यमंत्री से सवाल पूछे। मुख्यमंत्री ने सभी प्रश्नों के विस्तार से उत्तर देते हुए राज्य सरकार की योजनाओं और भविष्य की विकास रणनीति से विद्यार्थियों को अवगत कराया। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान’ का उल्लेख करते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज को जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ, संस्कारित और नशामुक्त युवा ही विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव बनेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद समाप्त होने के बाद बस्तर और सरगुजा में पर्यटन, उद्योग और रोजगार की नई संभावनाएं विकसित हो रही हैं। नई उद्योग नीति, पर्यटन विकास, सिंचाई परियोजनाओं, ऊर्जा निवेश और कृषि आधारित उद्योगों से प्रदेश में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे। खेलों के क्षेत्र में सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि जशपुर में आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और आर्चरी अकादमी का निर्माण किया जा रहा है। नई खेल नीति के तहत ओलंपिक पदक विजेताओं को करोड़ों रुपये की प्रोत्साहन राशि और शासकीय सेवाओं में अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
सुशासन के विषय पर मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में शुरू की गई सीएम हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से नागरिक अपनी शिकायतें और सुझाव सीधे शासन तक पहुंचा सकते हैं। साथ ही मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के जरिए स्कूलों, अस्पतालों और अन्य शासकीय संस्थानों की रियल टाइम मॉनिटरिंग की व्यवस्था विकसित की जा रही है। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने तथा ज्ञान, सेवा और संस्कार के माध्यम से विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।