रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज रायपुर शहर के आकाशवाणी चौक स्थित माँ काली मंदिर से डोंगरगढ़ तक श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क बस सेवा का शुभारंभ किया। इस सेवा से रायपुर से माँ बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए कालीमाता सेवा समिति के पदाधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएँ दीं तथा माँ काली और माँ बम्लेश्वरी से प्रदेश की खुशहाली, समृद्धि और शांति की कामना की। साथ ही सभी नागरिकों को शारदीय नवरात्र की हार्दिक बधाई भी दी।
माँ काली सेवा समिति द्वारा संचालित यह निःशुल्क बस सेवा पूरे नवरात्र पर्व के दौरान नौ दिनों तक चलेगी। प्रतिदिन चार बसें श्रद्धालुओं को रायपुर से डोंगरगढ़ ले जाकर दर्शन उपरांत वापस रायपुर लाएँगी। मुख्यमंत्री ने आज लगभग दो सौ महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के प्रथम जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि समिति पिछले दस वर्षों से नवरात्र पर्व पर यह सेवा दे रही है, जो धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि माँ के दर्शन से मन में दिव्य ऊर्जा का संचार होता है, और यह बस सेवा उन श्रद्धालुओं के लिए वरदान है जो दूर स्थित मंदिरों तक नहीं पहुँच पाते। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हाल ही में राजिम से रायपुर तक मेमू ट्रेन के शुभारंभ का भी उल्लेख किया, जिससे श्रद्धालुओं को और सुविधा मिली है। उन्होंने समिति से जुड़े श्री श्रीचंद सुंदरानी, श्री दीपक भारद्वाज और सभी पदाधिकारियों को साधुवाद दिया। कार्यक्रम में गृहमंत्री विजय शर्मा ने भी समिति से एक बस कवर्धा से डोंगरगढ़ तक चलाने का आग्रह किया। वहीं, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, महापौर मीनल चौबे, विधायक सुनील सोनी और पुरंदर मिश्रा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।