जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव देव साय ने अपने परिवार के साथ मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया में उत्साह और उमंग के साथ दीपावली का पर्व मनाया। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी कौशल्या साय तथा परिवार के सदस्य भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीपावली खुशियों और उत्साह का पर्व है, जो हमें परिवार के साथ मिलकर आनंद मनाने और एकता का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि यह पर्व अंधकार से प्रकाश की ओर अग्रसर होने और जीवन में सकारात्मकता लाने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि दीपावली केवल घरों में दीप जलाने का पर्व नहीं, बल्कि यह हमारे मन, विचार और कर्म में उजाला फैलाने का अवसर भी है। उन्होंने अपने परिवार सहित प्रदेश की जनता के सुख-समृद्धि और उज्जवल भविष्य की कामना की।