रायपुर/बिलासपुर | जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर बिलासपुर पुलिस मैदान में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आदिवासी समाज की कई महत्वपूर्ण मांगों को मंच से ही पूरा करने का ऐलान किया। कार्यक्रम में उपस्थित जनजातीय समाज के हजारों लोगों के बीच मुख्यमंत्री की घोषणाओं का जोरदार स्वागत हुआ ।
बिलासपुर में स्थापित होगी बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा
मुख्यमंत्री साय ने घोषणा की कि बिलासपुर में भगवान बिरसा मुंडा की विशाल आदमकद प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसके साथ ही बिलासपुर के एक प्रमुख चौक का नाम भी बिरसा मुंडा के नाम पर रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा की वीरता, संघर्ष और जनसमर्पण की स्मृति को सदैव जीवित रखने के लिए यह कदम ऐतिहासिक महत्व का होगा।
लाल खदान ओवरब्रिज का नामकरण वीर नारायण सिंह के नाम पर
समारोह में मुख्यमंत्री ने लाल खदान ओवरब्रिज का नामकरण शहीद वीर नारायण सिंह के नाम पर करने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के वीर शहीदों के योगदान को सम्मान देने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है, और यह नामकरण उन्हें उचित श्रद्धांजलि है।
जनजातीय छात्रों के लिए बनेगा आधुनिक पोस्ट-मैट्रिक छात्रावास
छात्रों और कामगारों के लिए सुरक्षित एवं आधुनिक आवास की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने बिलासपुर में 300 और 200 सीट क्षमता वाले अत्याधुनिक पोस्ट-मैट्रिक छात्रावास निर्माण की घोषणा की। यह छात्रावास उच्च शिक्षा के लिए शहर आने वाले जनजातीय युवाओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुलभ रहने की सुविधा उपलब्ध कराएगा। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जनजातीय समाज के उत्थान, शिक्षा, संस्कृति और सम्मान के लिए उनकी सरकार लगातार कार्य कर रही है और आने वाले समय में इन योजनाओं का दायरा और व्यापक किया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाज प्रमुख, छात्र और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।