कक्षा 6वीं से ही शुरू होगी सैन्य अधिकारी बनने की तैयारी, सैनिक स्कूलों में प्रवेश का मौका,AISSEE-2027 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू ! 31 जनवरी को होगी प्रवेश परीक्षा; 2 दिसंबर तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन

कक्षा 6वीं से ही शुरू होगी सैन्य अधिकारी बनने की तैयारी, सैनिक स्कूलों में प्रवेश का मौका,AISSEE-2027 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू ! 31 जनवरी को होगी प्रवेश परीक्षा; 2 दिसंबर तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन

रायपुर,20 नवंबर 2026। भारतीय सशस्त्र बलों में अधिकारी बनने का सपना देखने वाले विद्यार्थियों के लिए सैनिक स्कूल एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं। यहां कक्षा 6वीं से ही विद्यार्थियों को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, शारीरिक दक्षता और शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ सैन्य अधिकारी बनने के लिए तैयार किया जाता है। राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) के लिए योग्य उम्मीदवार तैयार करने के उद्देश्य से वर्ष 1961 में सैनिक स्कूलों की स्थापना की शुरुआत हुई थी। तत्कालीन रक्षा मंत्री वी.के. कृष्ण मेनन की पहल पर महाराष्ट्र के सतारा में पहला सैनिक स्कूल स्थापित किया गया था।

33 सैनिक स्कूलों का नेटवर्क, छात्राओं को भी प्रवेश

रक्षा मंत्रालय के अधीन सैनिक स्कूल सोसाइटी द्वारा संचालित सैनिक स्कूलों की संख्या अब 33 हो चुकी है। इसके साथ ही साझेदारी के तहत नए सैनिक स्कूल भी संचालित किए जा रहे हैं। शैक्षणिक सत्र 2021-22 से छात्राओं को भी प्रवेश देने की शुरुआत की गई है। इसके अलावा देहरादून स्थित राष्ट्रीय भारतीय सैन्य कॉलेज (RIMC) और देश के पांच राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल (RMS) भी सैन्य शिक्षा के प्रमुख संस्थान हैं।

AISSEE-2027 में कक्षा 6वीं और 9वीं के लिए प्रवेश

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा (AISSEE-2027) के माध्यम से शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए प्रवेश दिया जाएगा। इसके तहत 33 मौजूदा सैनिक स्कूलों में कक्षा 6वीं और 9वीं, जबकि 80 नए सैनिक स्कूलों में कक्षा 6वीं तथा 40 नए सैनिक स्कूलों में कक्षा 9वीं में प्रवेश की प्रक्रिया संचालित की जा रही है। मौजूदा सैनिक स्कूलों में कक्षा 6वीं के लिए 3,160 संभावित सीटें निर्धारित हैं, जिनमें 351 सीटें छात्राओं के लिए हैं। वहीं कक्षा 9वीं के लिए 732 संभावित सीटें उपलब्ध हैं।

प्रवेश के लिए आयु सीमा निर्धारित

कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए विद्यार्थी की आयु 31 मार्च 2027 को 10 से 12 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इसके लिए जन्मतिथि 1 अप्रैल 2015 से 31 मार्च 2017 के बीच निर्धारित है। इसी तरह कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए आयु 13 से 15 वर्ष होनी चाहिए। अभ्यर्थी का जन्म 1 अप्रैल 2012 से 31 मार्च 2014 के बीच होना चाहिए तथा कक्षा 8वीं उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। कक्षा 9वीं में छात्राओं का प्रवेश उपलब्ध सीटों के आधार पर होगा।

31 जनवरी को होगी प्रवेश परीक्षा

AISSEE-2027 की परीक्षा 31 जनवरी 2027 को पेन-एंड-पेपर (OMR आधारित) माध्यम से आयोजित होगी। परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी। कक्षा 6वीं की परीक्षा 150 मिनट की होगी, जिसमें कुल 300 अंक के प्रश्न पूछे जाएंगे। इसमें गणित के 150 अंक तथा भाषा, बुद्धिमत्ता और सामान्य ज्ञान/पर्यावरण अध्ययन के 50-50 अंक निर्धारित हैं। यह परीक्षा 13 भाषाओं में आयोजित की जाएगी।

कक्षा 9वीं की परीक्षा 180 मिनट की होगी और कुल 400 अंकों की होगी। यह परीक्षा केवल अंग्रेजी माध्यम में आयोजित होगी। पात्रता के लिए प्रत्येक विषय में न्यूनतम 25 प्रतिशत और कुल 40 प्रतिशत अंक प्राप्त करना आवश्यक है। लिखित परीक्षा के बाद मेडिकल परीक्षण और काउंसलिंग के माध्यम से चयन प्रक्रिया पूरी होगी। मौजूदा 33 सैनिक स्कूलों में 67 प्रतिशत सीटें संबंधित गृह राज्य के अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित रहती हैं।

RIMC और RMS में प्रवेश की अलग व्यवस्था

राष्ट्रीय भारतीय सैन्य कॉलेज (RIMC) में केवल कक्षा 8वीं में प्रवेश दिया जाता है। जुलाई 2027 सत्र के लिए इसकी प्रवेश परीक्षा 6 दिसंबर 2026 को आयोजित होगी। इसके लिए निर्धारित आयु सीमा 12½ से 14 वर्ष है। लिखित परीक्षा के बाद वाइवा और मेडिकल परीक्षण होगा।

वहीं राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल (RMS) में कक्षा 6वीं और 9वीं के लिए कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (CET) 13 दिसंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। RIMC और RMS दोनों की आवेदन प्रक्रिया पहले ही बंद हो चुकी है। ऐसे में अभिभावकों को आगामी सत्र के लिए अभी से तैयारी शुरू करने की सलाह दी गई है।

2 दिसंबर तक आवेदन, विलंब शुल्क के साथ 6 दिसंबर तक मौका

AISSEE-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 3 नवंबर से शुरू हो चुकी है। सामान्य आवेदन की अंतिम तिथि 2 दिसंबर 2026 रात 11:50 बजे तक निर्धारित है। इसके बाद 500 रुपये विलंब शुल्क के साथ 3 से 6 दिसंबर तक आवेदन किया जा सकेगा। आवेदन पत्र में सुधार के लिए 7 से 9 दिसंबर तक अवसर मिलेगा। प्रवेश परीक्षा के एडमिट कार्ड 25 जनवरी 2027 को जारी किए जाएंगे।

आवेदन शुल्क सामान्य वर्ग एवं अन्य निर्धारित श्रेणियों के लिए 850 रुपये तथा SC/ST अभ्यर्थियों के लिए 700 रुपये रखा गया है। इच्छुक अभिभावक और विद्यार्थी अधिक जानकारी के लिए NTA की वेबसाइट पर AISSEE-2027 से संबंधित विवरण देख सकते हैं। सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 011-40759000 तथा ईमेल aissee@nta.ac.in पर संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *