
एक साल पहले भेजा गया था प्रस्ताव, फिर भी नहीं हुई मरम्मत;
जामगांव आर। नए शिक्षा सत्र की शुरुआत के साथ ही पूर्व माध्यमिक शाला सुरपा के जर्जर भवन को लेकर ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। विद्यालय भवन की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि कई स्थानों से प्लास्टर भरभराकर गिर रहा है, जिससे विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय भवन की जर्जर स्थिति की जानकारी पिछले वर्ष ही शिक्षा विभाग को दी गई थी। उस समय अधिकारियों द्वारा जल्द कार्रवाई का आश्वासन भी दिया गया था। बताया जाता है कि पाटन विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) द्वारा भवन मरम्मत अथवा नए भवन निर्माण के लिए प्रस्ताव भी भेजा गया था, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है।
इधर नए शैक्षणिक सत्र के प्रारंभ होने के साथ ही बच्चों को फिर उसी खस्ताहाल भवन में पढ़ाई करने की मजबूरी सामने आ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत या नए भवन की व्यवस्था नहीं की गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
एसएमडीसी अध्यक्ष एवं भाजपा नेता प्रमोद जैन ने शिक्षा विभाग और प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि जर्जर विद्यालय भवन में यदि किसी छात्र के साथ कोई दुर्घटना होती है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से विद्यालय भवन की दीर्घकालीन मरम्मत अथवा नए भवन की स्वीकृति के लिए आवश्यक कार्रवाई शीघ्र करने की मांग की है। ग्रामीणों और पालकों ने भी बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए शासन-प्रशासन से तत्काल कदम उठाने की अपील की है