
भिलाई के कैम्प-02 स्थित कैरम सेंटर में हुई थी वारदात, लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों को पुलिस ने दबोचा
भिलाई। कैम्प-02 स्थित एक कैरम सेंटर में सिगरेट को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद जानलेवा हमले में बदल गया। इस मामले में छावनी पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे 6 आरोपियों और 2 अपचारी बालकों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, घटना कैम्प-02 के एक कैरम सेंटर की है, जहां सिगरेट मांगने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने मोहम्मद वसीम के साथ मारपीट की और उसका गला दबाकर हत्या का प्रयास किया। गंभीर रूप से घायल युवक की शिकायत पर छावनी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
प्रारंभिक कार्रवाई के दौरान कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था, जबकि अन्य आरोपी घटना के बाद से फरार थे। पुलिस लगातार उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने फरार 6 आरोपियों और 2 अपचारी बालकों को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। छावनी पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले और गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।