वर्दी में सेवा का संकल्प : गांव गोद लेकर विकास की मिसाल कायम कर रही CISF,पतोरा में हरियाली और स्वच्छता की नई पहचान

दुर्ग। Village Adoption पहल के अंतर्गत CISF RTC भिलाई द्वारा गोद लिए गए ग्राम पतोरा में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान CISF के जवानों ने पूर्व माध्यमिक शाला परिसर में वृक्षारोपण कर हरियाली का संदेश दिया तथा शाला प्रांगण की साफ-सफाई कर स्वच्छता अभियान चलाया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को वृक्षों के महत्व, स्वच्छ वातावरण तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। बच्चों को बताया गया कि स्वच्छ और हरित वातावरण ही स्वस्थ भविष्य की नींव है। इस अवसर पर डीआईजी रोहित कटियार ने गांव में संचालित मलजल उपचार संयंत्र एवं कचरा पृथक्करण केंद्र का अवलोकन किया। उन्होंने नाडेप टैंक, वर्मी कंपोस्ट तथा जैविक खाद निर्माण की प्रक्रियाओं की जानकारी ली और गांव में अपनाई गई इन पर्यावरण अनुकूल व्यवस्थाओं की सराहना की।

CISF RTC भिलाई द्वारा ग्राम पतोरा में आगे भी स्वच्छता जागरूकता अभियान, बच्चों के मानसिक एवं शारीरिक विकास हेतु विभिन्न गतिविधियों तथा विद्यार्थियों को कैरियर गाइडेंस उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई है, जिससे बच्चों को सही मार्गदर्शन मिल सके और वे बेहतर भविष्य की ओर अग्रसर हों। कार्यक्रम में ग्राम सरपंच भुनेश्वर साहू, पारुल बोहरा, शिशुपाल सिंह, एस.एस. यादव, राकेश कुमार, जनपद सदस्य चंद्रिका चित्रसेन कलिहारी, मनोज साहू, डीलेश्वरी साहू एवं सनत वर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
CISF RTC भिलाई की यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ग्राम के समग्र विकास और समाज के साथ सकारात्मक सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण है। ग्रामीणों ने इस प्रयास का स्वागत करते हुए CISF के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *