आज रात CM साय की इमरजेंसी बैठक, सभी मंत्रियों को रायपुर तलब; सियासी गलियारों में बढ़ी हलचल

आज रात CM साय की इमरजेंसी बैठक, सभी मंत्रियों को रायपुर तलब; सियासी गलियारों में बढ़ी हलचल

मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा, संगठन-सरकार समन्वय और आगामी रणनीति पर हो सकती है चर्चा; एजेंडे पर अब भी सस्पेंस बरकरार
रायपुर, 18 जून 2026। छत्तीसगढ़ की राजनीति में गुरुवार शाम अचानक हलचल तेज हो गई, जब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सरकार के सभी मंत्रियों को तत्काल राजधानी रायपुर पहुंचने के निर्देश दिए। देर रात होने वाली इस महत्वपूर्ण बैठक को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री निवास में रात 8:30 बजे बैठक आयोजित की गई है, जिसमें सरकार के सभी मंत्री शामिल होंगे। बैठक में संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों की मौजूदगी की भी संभावना जताई जा रही है। हालांकि अब तक बैठक का आधिकारिक एजेंडा सार्वजनिक नहीं किया गया है।

मंत्रियों के प्रदर्शन की हो सकती है समीक्षा

सूत्रों के अनुसार बैठक में विभिन्न विभागों के कामकाज, योजनाओं की प्रगति और जनहित से जुड़े मुद्दों की समीक्षा की जा सकती है। पिछले कुछ समय से सरकार विभिन्न विभागों के प्रदर्शन का फीडबैक ले रही है, ऐसे में इस बैठक को मंत्रियों के कार्य मूल्यांकन से जोड़कर देखा जा रहा है।
संगठन और सरकार के तालमेल पर रहेगा फोकस
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बैठक में सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय, आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रणनीति और जनसंपर्क अभियानों को लेकर भी चर्चा हो सकती है। संगठन के नेताओं की संभावित मौजूदगी ने बैठक के महत्व को और बढ़ा दिया है।
अटकलों का दौर तेज
अचानक बुलाई गई इस बैठक ने राजनीतिक अटकलों को भी हवा दे दी है। मंत्रियों और सत्ता पक्ष के नेताओं के बीच बैठक को लेकर उत्सुकता के साथ-साथ हल्की बेचैनी भी देखी जा रही है। हालांकि सरकार की ओर से इसे नियमित समीक्षा बैठक बताया जा रहा है, लेकिन एजेंडे को लेकर बना सस्पेंस राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *