
दुर्ग, 18 जून 2026। मोहन नगर थाना क्षेत्र के आर्य नगर में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत के मामले में पुलिस जांच पूरी होने के बाद बड़ा खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया है कि माता-पिता ने पहले अपने दो मासूम बच्चों की हत्या की और उसके बाद अलग-अलग कमरों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस के अनुसार, 22 मई को आर्य नगर स्थित एक मकान से गोविंद कुंवर साहू, उनकी पत्नी चंचल साहू, 13 वर्षीय बेटी दृष्णा साहू और 11 वर्षीय बेटे यशांक साहू के शव बरामद किए गए थे। घटना के बाद मोहन नगर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच शुरू की थी। जांच के दौरान घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, परिजनों के बयानों, पंचनामा और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का गहन परीक्षण किया गया। रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि दोनों बच्चों की मौत गला दबाने से दम घुटने के कारण हुई थी, जबकि माता-पिता की मृत्यु फांसी लगाने से हुई।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि दम्पती ने आपसी सहमति से पहले दोनों बच्चों की हत्या की और बाद में आत्महत्या कर ली। बताया गया कि घटना वाली रात परिवार के सभी सदस्य साथ बैठे और भोजन किया था। अगले दिन सुबह काफी देर तक कमरे नहीं खुलने पर परिजनों ने दरवाजा खोला, जहां चारों मृत अवस्था में मिले। उपलब्ध साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मृतक गोविंद कुंवर साहू और चंचल साहू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) और 3(5) के तहत हत्या का अपराध दर्ज किया है। हालांकि दोनों आरोपियों की मृत्यु हो चुकी है, इसलिए मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है।
इस हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया था। घटना के बाद कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पूरे मामले की तस्वीर साफ हो गई है। मोहन नगर थाना प्रभारी केशव कोसले ने बताया कि जांच में स्पष्ट हुआ है कि बच्चों की हत्या गला दबाकर की गई थी, जबकि माता-पिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। मामले में विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।