भिलाई में पं धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री के आगमन की तैयारियां तेज,श्री हनुमत कथास्थल का कलेक्टर व एसएसपी ने किया निरीक्षण

भिलाई नगर। सनातन धर्म के प्रख्यात ध्वजवाहक बागेश्वर धाम महाराज पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी के श्रीमुख से प्रस्तावित श्री हनुमंत कथा को लेकर भिलाई नगर में तैयारियां जोरों पर हैं। कथा आयोजन की व्यवस्थाओं और तैयारियों का जायजा लेने दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह एवं एसएसपी दुर्ग विजय अग्रवाल ने कथा स्थल जयंती स्टेडियम के समीप मैदान का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने डोम शेड के निर्माण, पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम तथा श्रद्धालुओं के आवागमन रूट की विस्तृत समीक्षा की। इस अवसर पर कथा के आयोजनकर्ता, कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त छत्तीसगढ़ खादी ग्राम उद्योग के अध्यक्ष राकेश पाण्डेय एवं सेवा समर्पण समिति के सदस्यों के साथ अधिकारियों ने व्यवस्थाओं पर चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुश्री सरोज पांडेय भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उल्लेखनीय है कि श्री हनुमंत कथा की तैयारी को लेकर सेवा समर्पण समिति के सदस्य आयोजनकर्ता राकेश पाण्डेय के मार्गदर्शन में लगातार कार्य कर रहे हैं, ताकि आयोजन भव्य एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।
निरीक्षण के पश्चात आयोजनकर्ता राकेश पाण्डेय ने कहा कि श्री हनुमंत कथा की भव्यता को लेकर सभी आवश्यक प्रयास पहले से किए जा रहे हैं। समिति के सदस्य अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं तथा बैठकों का दौर भी निरंतर जारी है। जैसे-जैसे कथा की तिथि निकट आएगी, तैयारियों को और गति दी जाएगी। उन्होंने सेवा समर्पण समिति की ओर से समस्त हनुमान भक्तों को श्री हनुमंत कथा के श्रवण हेतु सादर आमंत्रित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *