जामगांव आर । जागृति उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बटरेल में 26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस का पावन पर्व भव्यता एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति के साथ प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आदरणीय डॉ. दयाराम साहू (अध्यक्ष, जागृति शिक्षा समिति बटरेल एवं पूर्व विधायक) रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता आदरणीय अजय साहू (जनपद पंचायत सदस्य) ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में आदरणीया श्रीमती एमन आठे (सरपंच, ग्राम पंचायत बटरेल) एवं समस्त पंचगण, पूर्व माध्यमिक विद्यालय के अध्यक्ष महेंद्र साहू, प्राथमिक शाला के अध्यक्ष सूरज निर्मलकर, यू.आर. हिरवानी, वाई.एस. साहू (सेवानिवृत्त प्राचार्य) सहित जागृति शिक्षा समिति के कोषाध्यक्ष यादोराम साहू, सचिव भागदास मार्कण्डेय एवं समिति के सभी सदस्यगण उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 7:30 बजे विद्यालय के अध्यक्ष डॉ. दयाराम साहू के करकमलों द्वारा ध्वजारोहन, राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत के साथ हुई। तत्पश्चात नगर भ्रमण प्रभात फेरी का आयोजन कर गांव के विभिन्न स्थलों पर ध्वजारोहण किया गया। इसके बाद विद्यालय परिसर में मार्च पास्ट एवं पी.टी. परेड का आयोजन किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना एवं अतिथि स्वागत गीत से हुई। जागृति उच्चतर माध्यमिक, पूर्व माध्यमिक एवं प्राथमिक शाला के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य, कविता एवं भाषणों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिससे उपस्थित दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए।
इस अवसर पर प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। हाई स्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा 2025 में प्रथम स्थान कु. शीतल टंडन एवं द्वितीय स्थान कु. मानसी यादव, हायर सेकेंडरी सर्टिफिकेट परीक्षा 2025 में प्रथम स्थान कु. रिंकी साहू एवं द्वितीय स्थान कु. ममता साहू, तथा कक्षा आठवीं में प्रथम स्थान कु. मीनाक्षी साहू एवं द्वितीय स्थान कु. टेमीन साहू को अतिथियों एवं शिक्षकों द्वारा स्नेहापुष्प एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। मंच संचालन श्री बी.के. साहू एवं श्री टी.आर. धनकर ने प्रभावशाली ढंग से किया। अपने उद्बोधन में विद्यालय अध्यक्ष डॉ. दयाराम साहू एवं ग्राम पंचायत बटरेल की सरपंच ने भारत के अमर शहीदों को स्मरण करते हुए उन्हें शत-शत नमन किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य आदरणीय टी.के. पिपरिया ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में जागृति उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बटरेल के समस्त शिक्षकगण, पूर्व माध्यमिक एवं प्राथमिक शाला के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा गांव के गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।