तीजा मिलन में दिखा नारी शक्ति का रंग, संस्कृति और परंपरा से सजा मनवा कुर्मी समाज पाटन राज का आयोजन; राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, जनपद अध्यक्ष कीर्ति नायक कार्यक्रम में हुए शामिल, बोले -महिलाएं परिवार की शक्ति ही नहीं, समाज की मजबूत आधारशिला भी

तीजा मिलन में दिखा नारी शक्ति का रंग, संस्कृति और परंपरा से सजा मनवा कुर्मी समाज पाटन राज का आयोजन; राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, जनपद अध्यक्ष कीर्ति नायक कार्यक्रम में हुए शामिल, बोले -महिलाएं परिवार की शक्ति ही नहीं, समाज की मजबूत आधारशिला भी

पाटन। मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज पाटन राज द्वारा कुर्मी सामुदायिक भवन पाटन में तीजा मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष कीर्ति नायक विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। महिलाओं ने उत्साह और उमंग के साथ विभिन्न खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में सहभागिता निभाते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा मुख्य अतिथि, सरिता बघेल अध्यक्षता, कीर्ति नायक जनपद पंचायत पाटन अध्यक्ष, मीना वर्मा नगर पालिका परिषद कुम्हारी अध्यक्ष, पूर्व राजप्रधान दुलारी वर्मा, महिला अध्यक्ष पाटन राज रंजना वर्मा, संरक्षक महिला कार्यकारिणी पाटन राज सहित समाज की महिलाएं एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।

तीज संस्कृति, परंपरा और नारी शक्ति का उत्सव : लक्ष्मी वर्मा

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि तीज केवल पर्व नहीं, बल्कि संस्कृति, परंपरा, आपसी सौहार्द और नारी शक्ति का उत्सव है। ऐसे आयोजन महिलाओं को एक-दूसरे से जुड़ने, अपनी प्रतिभा सामने लाने तथा गौरवशाली परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं परिवार की प्रथम पाठशाला हैं। उनके संस्कारों से परिवार मजबूत होता है और मजबूत परिवार से सशक्त समाज का निर्माण होता है। आज महिलाएं शिक्षा, सामाजिक सेवा, प्रशासन, राजनीति, व्यवसाय सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का परिचय दे रही हैं।

बेटियों को शिक्षा और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ाएं-कीर्ति नायक

जनपद अध्यक्ष कीर्ति नायक ने कहा कि बेटियों को शिक्षा, संस्कार, आत्मविश्वास और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलना चाहिए। एक महिला के आगे बढ़ने से परिवार को नई दिशा मिलती है और महिलाओं की सामूहिक भागीदारी से समाज में सकारात्मक परिवर्तन की राह मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज की महिलाएं अपनी संस्कृति एवं परंपराओं को संजोते हुए सामाजिक एकता और महिला सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। तीज मिलन समारोह सामाजिक एकजुटता की सुंदर मिसाल है।

खेलकूद और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

समारोह के दौरान महिलाओं के लिए विभिन्न खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए उत्साह और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आयोजन के दौरान पारंपरिक संस्कृति, महिला सम्मान और आपसी सौहार्द का वातावरण देखने को मिला। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को कार्यक्रम के अंत में पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त करने वाली महिलाओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया, कार्यक्रम में मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज पाटन राज के पदाधिकारियों, महिला कार्यकारिणी सहित बड़ी संख्या में समाज की महिलाओं की सहभागिता रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *