
मुख्यमंत्री निवास में हुआ सम्मान, ASI से आउट ऑफ टर्न प्रमोशन की घोषणा; युवाओं को दिया मेहनत और अनुशासन का संदेश रायपुर, 3 अगस्त 2026। कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत के लिए रजत पदक जीतकर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाली वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी यादव को राज्य सरकार ने बड़ा सम्मान देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री निवास में उनका अभिनंदन करते हुए आउट ऑफ टर्न प्रमोशन के तहत उप पुलिस अधीक्षक (DSP) पद पर पदोन्नति और 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
वर्तमान में छत्तीसगढ़ पुलिस में सहायक उपनिरीक्षक (ASI) के पद पर कार्यरत ज्ञानेश्वरी यादव की इस उपलब्धि को मुख्यमंत्री ने पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश्वरी ने अपनी मेहनत, अनुशासन और लगन से अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत और छत्तीसगढ़ का सम्मान बढ़ाया है। राज्य सरकार उनकी इस उपलब्धि का सम्मान करते हुए विशेष पदोन्नति और आर्थिक प्रोत्साहन प्रदान कर रही है। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान ज्ञानेश्वरी यादव ने कॉमनवेल्थ गेम्स के अनुभव साझा करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करना उनके जीवन का सबसे गौरवपूर्ण क्षण रहा। उन्होंने कहा कि रजत पदक वर्षों की कठिन मेहनत और निरंतर अभ्यास का परिणाम है।
DSP पद पर पदोन्नति की घोषणा पर ज्ञानेश्वरी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ की है। उन्होंने प्रदेश के युवाओं से भी मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया। उनका कहना था कि मजबूत संकल्प और निरंतर प्रयास से सीमित संसाधनों में भी बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है।
राजनांदगांव की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव के रायपुर आगमन पर उनका भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनकी उपलब्धि को प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण बताया।उल्लेखनीय है कि ज्ञानेश्वरी यादव ने कॉमनवेल्थ गेम्स की 53 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया, जिससे भारत और छत्तीसगढ़ का गौरव अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ा है।