संत रविदास जयंती पर रायपुर में कल प्रदेशस्तरीय कलश वंदन अभियान, वाराणसी से लाए गए पवित्र कलश होंगे वितरित-36 विशेष रथों के माध्यम से प्रदेशभर के जिलों और गांवों तक पहुंचेगा समरसता का संदेश

संत रविदास जयंती पर रायपुर में कल प्रदेशस्तरीय कलश वंदन अभियान, वाराणसी से लाए गए पवित्र कलश होंगे वितरित-36 विशेष रथों के माध्यम से प्रदेशभर के जिलों और गांवों तक पहुंचेगा समरसता का संदेश

रायपुर, 3 अगस्त 2026। संत शिरोमणि रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा 4 अगस्त को रायपुर में प्रदेशस्तरीय भव्य कलश वंदन अभियान का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 11 बजे विज्ञान महाविद्यालय परिसर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान वाराणसी से लाए गए पवित्र माटी एवं जलयुक्त कलश प्रदेश के विभिन्न जिलों के प्रतिनिधियों को वितरित किए जाएंगे। इस अवसर पर साधु-संतों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा विभिन्न समाजों के प्रमुखों की उपस्थिति रहेगी।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं संत रविदास जयंती कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक अखिलेश सोनी ने बताया कि संत रविदास के समरसता, समानता और सामाजिक सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस अभियान का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभियान के लिए 36 विशेष रथ तैयार किए गए हैं। रायपुर में प्रदेशस्तरीय कार्यक्रम के बाद ये रथ भाजपा के सभी संगठनात्मक जिलों में पहुंचेंगे, जहां जिलास्तरीय कलश वंदन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद पवित्र कलश मंडल इकाइयों के माध्यम से प्रमुख गांवों तक पहुंचाए जाएंगे। गांवों में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद इन कलशों की स्थानीय मंदिरों में स्थापना की जाएगी। अभियान के जरिए संत रविदास के सामाजिक समरसता, समानता और मानवता के संदेश को पूरे प्रदेश में व्यापक रूप से प्रसारित करने का लक्ष्य रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *