बिलासपुर।छत्तीसगढ़ की सियासत में गरमाहट बढ़ाते हुए आज बिलासपुर के मुंगेली नाका स्थित ग्रीन गार्डन मैदान में कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन हुआ। ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ आमसभा का नेतृत्व प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने किया, जिसमें कांग्रेस के कई बड़े नेताओं ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।
सचिन पायलट ने कहा कि वोट चोरी के खिलाफ कांग्रेस हर जिले में हस्ताक्षर अभियान चलाएगी। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष चुनाव लोकतंत्र की बुनियाद है, लेकिन सरकार ने निर्वाचन आयोग को भी पक्षपातपूर्ण बना दिया है। पायलट बोले, “शक होता है कि दाल में कुछ काला है, लेकिन अब तो पूरी दाल ही काली है।”
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा पर करारा हमला बोलते हुए कहा कि “बीजेपी वोट चोर है, और सत्ता में बने रहने के लिए जनता के अधिकारों की चोरी कर रही है।”
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार पर अभी “हाइड्रोजन बम” फूटना बाकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने छत्तीसगढ़ में पौने दो साल में न रोजगार दिया, न वादे पूरे किए, उल्टा स्कूल बंद किए और ईडी-सीबीआई का इस्तेमाल विपक्षी नेताओं को दबाने में किया जा रहा है। सभा में कांग्रेस नेताओं ने जनता से अपील की कि वे लोकतंत्र को बचाने के लिए भाजपा की वोट चोरी की राजनीति के खिलाफ एकजुट होकर लड़ाई लड़ें।