रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में वोट चोरी का मुद्दा लगातार गरमा रहा है। बिलासपुर में मंगलवार को कांग्रेस द्वारा आयोजित “वोट चोर, गद्दी छोड़” रैली के बाद अब भाजपा ने पलटवार किया है। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कांग्रेस को कठघरे में खड़ा करते हुए गंभीर आरोप लगाए। रायपुर स्थित सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा करते हुए शर्मा ने कहा कि कांग्रेस जिस वोट चोरी के नाम पर हंगामा कर रही है, उसी में उसका खुद का चेहरा उजागर हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि कई लोगों ने गलत जानकारी देकर कवर्धा और रायपुर विधानसभा क्षेत्रों में दो-दो पोलिंग बूथ पर अलग-अलग एपिक नम्बरों से नाम दर्ज कराया है। शर्मा ने कहा कि यह मामला पूर्व मंत्री मो. अकबर के इशारे पर हुआ और वह इसे न्यायालय में ले जाएंगे।
उप मुख्यमंत्री ने कटाक्ष करते हुए कहा कि “कांग्रेस अब उल्टा चोर कोतवाल को डांटे वाली कहावत चरितार्थ कर रही है।” उन्होंने खुलासा किया कि रायपुर के एक ही मकान में 350 लोगों के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराए गए हैं।
शर्मा ने कांग्रेस से सवाल किया कि जब वोट चोरी रोकने के लिए एसआईआर (मतदाता सूची शुद्धिकरण प्रक्रिया) चलाई जा रही है, तब कांग्रेस उसका विरोध क्यों कर रही है? उन्होंने कहा कि सचिन पायलट तक मान चुके हैं कि वोट चोरी का मुद्दा हार से बचने का बहाना है। कांग्रेस को धरातल पर मेहनत करनी चाहिए, न कि केवल नारेबाजी।