दुर्ग। यूरिया खाद की भारी किल्लत और कालाबाजारी के खिलाफ आज दुर्ग में किसानों और कांग्रेसियों ने बैलगाड़ी रैली निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया। जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में हजारों किसान दर्जनों बैलगाड़ियों के साथ राजीव भवन से रवाना होकर भाजपा कार्यालय के सामने होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे।
रैली के दौरान किसानों और कांग्रेसियों ने मुख्यमंत्री और कृषि मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कलेक्ट्रेट पहुंचकर लगभग एक घंटे तक किसानों ने धरना दिया और दो दिन के भीतर सभी सहकारी समितियों में खाद उपलब्ध कराने की लिखित मांग रखी। इस पर एसडीएम भिलाई, उप संचालक कृषि विभाग और जिला सहकारी बैंक समिति के सीईओ ने दो दिन में खाद उपलब्ध कराने का लिखित आश्वासन दिया।
राकेश ठाकुर ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की मंशा ठीक नहीं है। किसानों को यूरिया और डीएपी समय पर उपलब्ध नहीं कराई जा रही। कालाबाजारी के कारण 266 रुपये का यूरिया किसानों को 1200–1500 रुपये में खरीदना पड़ रहा है। सरकार के संरक्षण में यह कालाबाजारी हो रही है। पूर्व विधायक अरुण वोरा ने कहा कि छत्तीसगढ़ को हर साल करीब 22 लाख टन खाद की जरूरत है, लेकिन सरकार किसानों को पर्याप्त खाद नहीं दे पा रही। कांग्रेस महामंत्री राजेंद्र साहू ने भी कहा कि मुख्यमंत्री ने 15 दिन पहले खाद संकट न होने का दावा किया था, लेकिन आज भी किसान परेशान हैं।
बैलगाड़ी रैली में धीरज बाकलीवाल, आर.एन. वर्मा, अश्वनी साहू, अलताफ अहमद, संजय कोहले, नासिर खोखर, राजीव गुप्ता, तिलक राजपूत, संदीप वोरा, प्रदीप चंद्राकर, विक्की मिश्रा, उषा सोने, पुष्पा यादव, कैलाश नाहटा सहित हजारों किसान और कांग्रेसी शामिल रहे।