रायपुर। मनरेगा, गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और अन्य मुद्दों को लेकर कांग्रेस मंगलवार को छत्तीसगढ़ विधानसभा का घेराव करेगी। इस प्रदर्शन में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है। पार्टी का दावा है कि करीब 30 हजार से अधिक कार्यकर्ता इस आंदोलन में भाग लेंगे। घेराव को लेकर सोमवार को रायपुर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में एआईसीसी सचिव एस. संपत कुमार, जरिता लैतफ्लांग और सह-प्रभारी विजय जांगिड़ सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। नेताओं ने रायपुर शहर के पदाधिकारियों के साथ कार्यक्रम की रणनीति और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की। दीपक बैज ने बताया कि ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ के साथ बिजली दरों में बढ़ोतरी, किसानों से वादाखिलाफी, धान खरीदी, गैस सिलेंडर कीमतों में वृद्धि, बिगड़ती कानून व्यवस्था और नशे के कारोबार जैसे मुद्दों को लेकर विधानसभा घेराव किया जा रहा है।
वरिष्ठ नेता होंगे शामिल
इस कार्यक्रम में एआईसीसी प्रभारी महासचिव सचिन पायलट , नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत , पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल , पूर्व उपमुख्यमंत्री टी एस सिंहदेव और पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
भारत माता चौक से विधानसभा तक कूच
कांग्रेस कार्यकर्ता राजधानी रायपुर में शंकर नगर स्थित केनाल रोड के भारत माता चौक में एकत्रित होंगे। यहां सभा के बाद दोपहर करीब 12 बजे विधानसभा की ओर मार्च निकाला जाएगा।
ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
विधानसभा घेराव को देखते हुए पुलिस ने शहर में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। केनाल रोड पर शांति नगर तिराहा से भारत माता चौक और भारत माता चौक से आनंद नगर चौक तक यातायात प्रभावित रहने की संभावना है। पंडरी की ओर से आने वाले वाहन शांति नगर से मधु पिल्ले चौक होते हुए आईजी कार्यालय गली के रास्ते शंकर नगर की ओर जा सकेंगे। वहीं आनंद नगर चौक से पंडरी जाने वाले वाहनों को भगत सिंह चौक, अंबेडकर चौक और ऑक्सीजोन मार्ग से होकर जाने की सलाह दी गई है। पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि यातायात जाम की स्थिति से बचा जा सके।