रायपुर। राजधानी रायपुर में रविवार देर रात से सोमवार शाम तक 24 घंटे के भीतर चार अलग-अलग स्थानों पर चाकूबाजी की घटनाओं से हड़कंप मच गया। गांधी नगर, इंद्रप्रस्थ फेस-2, डबरापारा और मौदहापारा इलाके में हुई घटनाओं में कुल 8 लोग घायल हो गए। मौदहापारा में इफ्तारी लेने जा रहे दो युवकों पर चाकू से हमला होने के बाद दो पक्ष आमने-सामने आ गए और पथराव की घटना भी हुई। पुलिस के अनुसार सोमवार शाम मौदहापारा निवासी मोहम्मद अल्ताफ और राशिद अली इफ्तारी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान रवि रक्सेल और उसके साथियों ने पुरानी रंजिश को लेकर दोनों से विवाद किया और चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौदहापारा थाने पहुंच गए। इसके बाद मरही माता मंदिर के पास दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और पथराव व मारपीट की स्थिति बन गई। स्थिति बिगड़ने की सूचना पर पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले में रवि रक्सेल, हर्ष कोसले, लोकेश रक्सेल और अभय रक्सेल को गिरफ्तार कर लिया है। एसीपी दीपक मिश्रा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।
पुरानी रंजिश बनी हमले की वजह
जानकारी के अनुसार पिछले साल रमजान के दौरान मोहम्मद अल्ताफ और राशिद अली ने रवि रक्सेल और उसके साथी पर चाकू से हमला किया था, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। जेल से छूटने के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था। सोमवार को आपसी विवाद के बाद यह घटना हो गई।
इंद्रप्रस्थ फेस-2 में घर में घुसकर हमला
दूसरी घटना इंद्रप्रस्थ फेस-2 में हुई, जहां तेज आवाज में गाना बजाने को लेकर विवाद के बाद कुछ लोग रात करीब 11 बजे शौर्यन ठावरे के घर में घुस गए और उसके साथ मारपीट कर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने इस मामले में कुबेर वर्मा और विष्णु वर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
डबरापारा में प्रॉपर्टी डीलर पर हमला
डबरापारा महोबा बाजार में पुरानी रंजिश को लेकर प्रॉपर्टी डीलर राज वर्मा पर राजा यादव ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में घायल राज वर्मा को इलाज के लिए एम्स में भर्ती कराया गया है।
गांधी नगर में गैंगवार
रविवार रात गांधी नगर कालीबाड़ी इलाके में कुख्यात आरोपियों के गुर्गों के बीच गैंगवार हो गया। विवाद के बाद विक्रम और उसके साथियों ने अभिषेक सोनी का पीछा कर उस पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए। पुलिस के अनुसार इस मामले में एसीसीयू और सिटी कोतवाली की संयुक्त टीम ने लक्ष्मीकांत महानंद सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी प्रभावित इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। फिलहाल शहर में कानून-व्यवस्था सामान्य बनी हुई है।