दुर्ग ग्रामीण में कांग्रेस का मास्टर प्लान : गांव-गांव तक पकड़ मजबूत करने 61 पदाधिकारियों को जिम्मेदारी

दुर्ग। जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) ने संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती देने की दिशा में बड़ा एवं अहम निर्णय लिया है। जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने जिला कार्यकारिणी के 61 पदाधिकारियों को विभिन्न संगठनात्मक प्रभार सौंपते हुए संगठन को जमीनी स्तर तक सक्रिय करने का स्पष्ट रोडमैप तैयार किया है। इस व्यापक पुनर्संरचना के तहत 9 ब्लॉक, 39 मंडल एवं विभिन्न विभागों में जिम्मेदारियां तय की गई हैं, जिससे पार्टी की गतिविधियों को गांव-गांव और बूथ स्तर तक विस्तार देने की रणनीति बनाई गई है। खास बात यह है कि जिला स्तर के पदाधिकारियों को सीधे क्षेत्रीय प्रभार सौंपने की पहल पहली बार की गई है, जिसे संगठन में जवाबदेही और सक्रियता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने निर्देश दिए हैं कि सभी पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित प्रवास करेंगे, पंचायत, वार्ड एवं बूथ कमेटियों के गठन को प्राथमिकता देंगे तथा एक सप्ताह के भीतर प्रारंभिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। वहीं चुनावी क्षेत्रों के प्रभारियों को साप्ताहिक रिपोर्ट जिला कार्यालय में जमा करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि संगठन की असली ताकत कार्यकर्ता होते हैं और जब जिम्मेदारी स्पष्ट होती है, तो परिणाम भी प्रभावी होते हैं। लक्ष्य है कि कांग्रेस की नीतियां और जनहित के मुद्दे सीधे आम जनता तक पहुंचें।
🔹 अहम नियुक्तियां
महामंत्री राजीव गुप्ता को संगठन एवं प्रशासन का प्रभारी महामंत्री बनाया गया है, जबकि कोषाध्यक्ष विक्रांत अग्रवाल को वित्तीय प्रबंधन के साथ समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
🔹 ब्लॉक स्तर पर जिम्मेदारी
ब्लॉक स्तर पर हीरा वर्मा (कुम्हारी), प्रमोद राजपूत (भिलाई-3 चरोदा), राम सूर्यवंशी (जामगांव-आर), भुवन साहू (पाटन), जयश्री वर्मा (जामुल), पुरुषोत्तम तिवारी (अहिवारा ग्रामीण), प्रकाश ठाकुर (धमधा), दुर्गा गजभिये (दुर्ग ग्रामीण) एवं जामवंत गजपाल (अहिवारा नगर) को प्रभार दिया गया है।
🔹 मंडल एवं विभागीय विस्तार
अहिवारा, साजा, पाटन एवं दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों में मंडल स्तर तक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। साथ ही विभिन्न विभागों—चुनाव प्रबंधन, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवादल, अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, पंचायत राज, मीडिया एवं संचार सहित कई विभागों में पदाधिकारियों की नियुक्ति कर संगठन को धार देने का प्रयास किया गया है।
मीडिया एवं संचार विभाग की जिम्मेदारी पालेश्वर ठाकुर को दी गई है, जो संगठन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और मीडिया समन्वय को मजबूत करेंगे।
🔹 जवाबदेही आधारित नई व्यवस्था
नई व्यवस्था में पदाधिकारियों को सिर्फ पद नहीं, बल्कि स्पष्ट लक्ष्य, क्षेत्र और जवाबदेही दी गई है। जिला कार्यालय स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग और समीक्षा की व्यवस्था भी बनाई गई है, जिससे संगठनात्मक कार्यों में निरंतरता और प्रभावशीलता बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *