जामगांव आर। दक्षिण पाटन के प्रथम ग्राम आगेसरा स्थित मां वृंदा देवी डिंडा कपाट धाम में चैत्र नवरात्रि की महाअष्टमी पर भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। खारुन नदी के तट पर विराजमान इस पावन धाम में हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर मां के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करते रहे। धाम में मनोकामना ज्योत प्रज्वलन के साथ दिनभर भक्तों का तांता लगा रहा। महाअष्टमी के पावन अवसर पर विधि-विधान से हवन-पूजन, आरती एवं नौ कन्याओं का पूजन एवं भोजन (कन्या भोज) का आयोजन संपन्न हुआ। पूरे परिसर में भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बना रहा।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जामगांव आर थाना प्रभारी द्वारा पुलिस बल की व्यवस्था कर सुरक्षा और यातायात संचालन में सहयोग प्रदान किया गया। वहीं, आसपास के प्रशासनिक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि भी इस अवसर पर उपस्थित होकर मां की पूजा-अर्चना में शामिल हुए। ग्राम पंचायत आगेसरा के सरपंच रमाकांत साहू ने बताया कि इस आयोजन को सफल बनाने में गांव के समस्त नागरिकों, विशेषकर युवाओं और माताओं का सराहनीय योगदान रहा। आयोजन में सुशीला साहू, केशव सोनी, रोहित साहू, गणेश सोनी, थानसिंग पटेल, एकेश्वर साहू, कन्हैयालाल साहू, नंद कुमार पटेल, सरजू साहू, तीरथ पटेल, झुनकू साहू, चैनु राम साहू, साँवत ध्रुव सहित अनेक ग्रामीणों का सक्रिय सहयोग रहा। उन्होंने जानकारी दी कि आगामी 27 मार्च 2026 को श्रीराम नवमी के अवसर पर प्रातः 10 बजे जोत-जवारा का विसर्जन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।