भिलाई । असम प्रवास के दौरान दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल ने तिनसुकिया जिले के बावनबाड़ी स्थित श्री राजीव लोचन मंदिर परिसर में साहू समाज के प्रबुद्धजनों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ एक गरिमामय एवं आत्मीय बैठक की। इस दौरान सांसद बघेल ने समाज के वरिष्ठजनों से मुलाकात कर उनके अनुभवों और विचारों को गंभीरता से सुना एवं आत्मसात किया। बैठक में साहू समाज की सामाजिक, सांस्कृतिक एवं संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
सांसद कार्यालय द्वारा साझा की गई जानकारी में बताया गया कि संवाद के दौरान समाज के समग्र उत्थान, युवाओं की सक्रिय भागीदारी, शिक्षा के प्रसार तथा सामाजिक समरसता को और अधिक सुदृढ़ करने को लेकर कई सार्थक सुझाव सामने आए। बैठक में माताओं, बहनों और कार्यकर्ताओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने समाज की एकजुटता और सक्रियता को दर्शाया। इस अवसर पर तेज राम साहू, डॉ. आर.एन. साहू, डॉ. कांता साहू, रिपु दमन गजपाल, मधु गजपाल, भारती साहू, सरस्वती साहू, दीपक साहू, शंकर साहू, श्यामबती साहू, प्रहलाद साहू, हंतु तेली (सचिव, साहू समाज तिनसुकिया), तुलाराम तेली सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक के समापन पर विजय बघेल ने साहू समाज द्वारा किए गए आत्मीय स्वागत एवं सार्थक संवाद के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी समाज के साथ समन्वय स्थापित कर जनहित और क्षेत्रीय विकास के कार्यों को और अधिक गति दी जाएगी।