साहू समाज में बयानबाजी पर बढ़ा विवाद — अंजिता साहू का तहसील संघ अध्यक्ष पर तीखा हमला,प्रशासनिक मामले को सामाजिक रंग देने का लगाया आरोप

सेलूद/पाटन। तहसील साहू संघ पाटन के अध्यक्ष लालेश्वर साहू एवं अन्य पदाधिकारियों द्वारा जारी विज्ञप्ति को लेकर साहू समाज में विवाद गहराता नजर आ रहा है। इस पर अंजिता गोपेश साहू ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए अध्यक्ष के बयान को अनुचित और निंदनीय बताया है। जारी प्रेस विज्ञप्ति में अंजिता साहू ने कहा कि बार-बार चुनाव में पराजित पदाधिकारियों को “हारे हुए पदाधिकारी” कहकर संबोधित करना किसी भी जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति को शोभा नहीं देता। इससे समाज में अनावश्यक विवाद और वैमनस्य की स्थिति उत्पन्न हो रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत पतोरा से जुड़े महासचिव महेंद्र साहू (पंचायत सचिव) के मामले को जानबूझकर सामाजिक मुद्दा बनाया जा रहा है, जबकि यह पूरी तरह प्रशासनिक विषय है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की बयानबाजी से मूल मुद्दे से ध्यान भटकाने का प्रयास किया जा रहा है, जो उचित नहीं है। अंजिता साहू ने स्पष्ट किया कि महेंद्र साहू एक ओर सामाजिक महासचिव हैं, वहीं दूसरी ओर शासकीय कर्मचारी भी हैं, और उनके खिलाफ सरपंच, पंच एवं जनपद सदस्य द्वारा की गई शिकायत फिलहाल जांचाधीन है। ऐसे में इस प्रकरण को सामाजिक रंग देना गलत है।
उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद सच्चाई सामने आ जाएगी और “दूध का दूध, पानी का पानी” हो जाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि अपने सरपंच कार्यकाल के दौरान उन पर भी आरोप लगे थे, लेकिन उन्होंने संयम बनाए रखा।

अंजिता साहू ने अध्यक्ष के अनुभव पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें अपने लंबे सामाजिक और राजनीतिक अनुभव के अनुरूप संतुलित एवं जिम्मेदार बयान देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि अध्यक्ष स्वयं कई चुनावों में पराजित हो चुके हैं, लेकिन उन्होंने कभी इस प्रकार की टिप्पणी नहीं की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *