
जामगांव आर। शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय, जामगांव आर में सत्र 2026 के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत शासन के निर्देशानुसार ‘दीक्षारंभ 2026’ प्रवेशोन्मुखी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महाविद्यालयीन शिक्षा, राष्ट्रीय शिक्षा नीति, विषय चयन, परीक्षा प्रणाली, श्रेयांक व्यवस्था, कार्यपत्रक तथा विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों से परिचित कराना रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने की। मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत भरर की सरपंच कौशल्या साहू तथा विशिष्ट अतिथि ग्राम भरर के पूर्व सरपंच छविलाल साहू उपस्थित रहे।
प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अंतर्गत विभिन्न सेमेस्टर में विषय चयन तथा विभिन्न पाठ्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से महाविद्यालय आने, अनुशासन बनाए रखने और अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को मित्रता के कारण अपने करियर से समझौता नहीं करना चाहिए। मुख्य अतिथि कौशल्या साहू ने विद्यार्थियों को मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हुए कहा कि सफलता प्राप्त करने के साथ विद्यार्थी अपने गांव, समाज और अपनी जड़ों को न भूलें। उन्होंने विद्यार्थियों से ‘एक पौधा मां के नाम’ लगाने की अपील की।
नई शिक्षा नीति और महाविद्यालयीन व्यवस्था की दी जानकारी
नई शिक्षा नीति के प्रभारी डॉ. अरुणेंद्र तिवारी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी देते हुए प्रवेश, पुनः प्रवेश, एटीकेटी, श्रेयांक तथा बहु-प्रवेश एवं बहु-निकास व्यवस्था को समझाया। उन्होंने विद्यार्थियों को कक्षा में ध्यानपूर्वक सुनने और अच्छा श्रोता बनने की सलाह दी। डॉ. नरेश धर दीवान ने खेलकूद के क्षेत्र में करियर की संभावनाओं तथा खेलों के माध्यम से व्यक्तित्व विकास के महत्व पर प्रकाश डाला। नई शिक्षा नीति सह-प्रभारी एवं रेडक्रॉस प्रभारी डॉ. संतोष पांडे ने सेमेस्टर परीक्षाओं के प्रश्नपत्र के प्रारूप एवं पूर्णांक की जानकारी दी तथा रेडक्रॉस की गतिविधियों से विद्यार्थियों को अवगत कराया। एंटी रैगिंग प्रभारी डॉ. आबिद हसन खान ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के रैगिंग संबंधी नियमों, दंड एवं शिकायत प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को रैगिंग से दूर रहने की सलाह देते हुए रैगिंग नहीं करने की शपथ दिलाई।
राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी चेतना सोनी ने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्य, नियम एवं सदस्य बनने की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने ‘मेरा भारत’ पंजीयन तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के ‘बी’ एवं ‘सी’ प्रमाणपत्रों के महत्व के बारे में बताया। पुस्तकालय विभाग प्रमुख मुकेश कठोतिया ने विद्यार्थियों को पुस्तकालय से पुस्तक प्राप्त करने, उनके उपयोग एवं वापसी से संबंधित नियमों की जानकारी दी। वरिष्ठ प्राध्यापिका नीता कुंभारे ने कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर आधारित प्रश्नोत्तरी आयोजित की। इसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। गणित विभागाध्यक्ष मनोज यादव ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन एवं अनुशासन के साथ पढ़ाई पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना एवं रेडक्रॉस की छात्राएं जया रानी एवं चांदनी ने किया। इस दौरान नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों से संबंधित अपनी जिज्ञासाओं एवं शंकाओं का समाधान भी प्राप्त किया। दीक्षारंभ 2026 का आयोजन नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए महाविद्यालयीन जीवन की दिशा समझने, राष्ट्रीय शिक्षा नीति से परिचित होने तथा विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों से जुड़ने की दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा।