घुघवा से देवबलौदा तक 23 अगस्त को निकलेगी विशाल कांवड़ यात्रा, गूंजेंगे ‘बोल बम’ और ‘हर हर महादेव’ के जयघोष !संयोजक प्रणव शर्मा ने यात्रा में शामिल होने की अपील

घुघवा से देवबलौदा तक 23 अगस्त को निकलेगी विशाल कांवड़ यात्रा, गूंजेंगे ‘बोल बम’ और ‘हर हर महादेव’ के जयघोष !संयोजक प्रणव शर्मा ने यात्रा में शामिल होने की अपील

पाटन। भगवान शिव के प्रति आस्था, श्रद्धा और भक्ति को समर्पित विशाल कांवड़ यात्रा का आयोजन 23 अगस्त 2026, रविवार को किया जाएगा। सनातन जागरण समिति पाटन के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक यात्रा का शुभारंभ सुबह 8 बजे ग्राम नारायणपुर (घुघवा-क) स्थित शीतला तालाब से होगा। यहां से शिवभक्त पवित्र जल लेकर कांवड़ यात्रा के रूप में देवबलौदा स्थित प्राचीन शिव मंदिर पहुंचेंगे और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे। यात्रा के संयोजक प्रणव शर्मा ने बताया कि कांवड़ यात्रा का उद्देश्य भगवान शिव के प्रति श्रद्धा एवं समर्पण के साथ सनातन संस्कृति और धार्मिक चेतना को जन-जन तक पहुंचाना है। यात्रा के दौरान शिवभक्तों द्वारा ‘बोल बम’ और ‘हर हर महादेव’ के जयघोष किए जाएंगे, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर होगा।

नारायणपुर से देवबलौदा तक तय हुआ यात्रा मार्ग

कांवड़ यात्रा ग्राम नारायणपुर (घुघवा-क) से प्रारंभ होकर बड़े औंरी और नारधी होते हुए देवबलौदा के प्राचीन शिव मंदिर पहुंचेगी। यात्रा मार्ग में श्रद्धालुओं के स्वागत एवं आवश्यक व्यवस्थाओं की तैयारी की जा रही है। देवबलौदा में श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था भी की जाएगी।

भव्य शिव झांकियां रहेंगी आकर्षण का केंद्र

कांवड़ यात्रा में भगवान शिव से संबंधित आकर्षक एवं भव्य झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवड़ लेकर यात्रा में शामिल होंगे। धार्मिक जयघोष, झांकियों और श्रद्धालुओं की सहभागिता से यात्रा का माहौल पूरी तरह शिवमय रहने की संभावना है। सनातन जागरण समिति ने क्षेत्र के शिवभक्तों, युवाओं एवं धर्मप्रेमी नागरिकों से परिवार सहित कांवड़ यात्रा में शामिल होने की अपील की है। आयोजकों के अनुसार ऐसी धार्मिक यात्राएं श्रद्धा और भक्ति के साथ समाज में धार्मिक चेतना, सेवा भावना, आपसी सद्भाव और सनातन संस्कृति के प्रति जुड़ाव को मजबूत करती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *