
कोविड में माता-पिता को खोने वाले बच्चों के सुरक्षित भविष्य और आत्मनिर्भरता के लिए केंद्र सरकार की पहल
रायपुर। पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना के तहत बालोद जिले की मोनिका बघेल को 23 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर 10 लाख रुपये की एकमुश्त आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। भारत सरकार की ओर से यह राशि सीधे उनके बैंक खाते में अंतरित की गई। इस अवसर पर जिला कलेक्टर ने मोनिका को डेमो चेक प्रदान कर योजना के तहत मिलने वाली सहायता की जानकारी दी। कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, अपर कलेक्टर, जिला कार्यक्रम अधिकारी एवं जिला बाल संरक्षण अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। गैर-संस्थागत एवं संस्थागत देखरेख के संरक्षण अधिकारियों, मिशन शक्ति के परियोजना समन्वयक, मिशन वात्सल्य के प्रतिनिधियों तथा मोनिका के संरक्षक की भी उपस्थिति रही।
उल्लेखनीय है कि पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना की शुरुआत 29 मई 2021 को कोविड-19 महामारी के दौरान अपने माता-पिता, कानूनी अभिभावक अथवा दत्तक माता-पिता को खोने वाले बच्चों की सहायता के उद्देश्य से की गई थी। योजना के तहत प्रत्येक पात्र बच्चे के नाम पर 10 लाख रुपये का कॉर्पस फंड तैयार किया जाता है। 18 वर्ष की आयु पूरी करने के बाद 23 वर्ष तक मासिक वित्तीय सहायता दी जाती है तथा 23 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर कॉर्पस फंड की पूरी 10 लाख रुपये की राशि एकमुश्त प्रदान की जाती है।
योजना में बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा गया है। पात्र बच्चों को आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य बीमा कवर, स्कूली शिक्षा के लिए विद्यालय में प्रवेश तथा उच्च शिक्षा के लिए शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराने का प्रावधान है। इस योजना का उद्देश्य कोरोना महामारी में अपनों को खोने वाले बच्चों को आर्थिक संबल प्रदान करने के साथ ही उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के माध्यम से बेहतर भविष्य की ओर आगे बढ़ने का अवसर देना है