
विजय बघेल की चुनाव याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने दखल देने से किया इनकार, कहा– चुनाव मामलों का समयबद्ध निपटारा जरूरी
रायपुर । छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता भूपेश बघेल को पाटन विधानसभा चुनाव से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट से झटका लगा है। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में उनकी जीत को चुनौती देने वाली भाजपा सांसद विजय बघेल की चुनाव याचिका को शुरुआती स्तर पर खारिज कराने की उनकी कोशिश नाकाम हो गई है। सुप्रीम कोर्ट ने उनकी याचिका खारिज करते हुए स्पष्ट कर दिया कि चुनाव याचिका का ट्रायल छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में जारी रहेगा। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की तीन सदस्यीय पीठ ने मामले की सुनवाई की। भूपेश बघेल की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने दलील दी कि चुनाव याचिका निर्धारित 45 दिनों की समय सीमा के बाद दाखिल की गई है। उनका तर्क था कि चुनाव परिणाम घोषित होने के 45 दिन 17 जनवरी 2024 को पूरे हो गए थे, जबकि विजय बघेल के हलफनामे पर 22 जनवरी 2024 की तारीख दर्ज है। वहीं, विजय बघेल की ओर से दायर चुनाव याचिका में आरोप लगाया गया है कि विधानसभा चुनाव 2023 के दौरान मतदान से 48 घंटे पहले लागू साइलेंस पीरियड में भूपेश बघेल ने 16 नवंबर 2023 को रैली और रोड शो किया था। इसे जनप्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 126 का उल्लंघन बताते हुए चुनाव परिणाम को चुनौती दी गई है।
कोर्ट में क्या हुई बहस?
सुनवाई के दौरान भूपेश बघेल के अधिवक्ता ने दलील दी कि कथित रोड शो को भ्रष्ट आचरण की श्रेणी में नहीं रखा जा सकता और इसका चुनाव परिणाम पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा। इस पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि कथित उल्लंघन का चुनाव परिणाम पर प्रभाव पड़ा या नहीं, यह तथ्यों और साक्ष्यों के परीक्षण के बाद ही तय किया जा सकता है। पीठ ने ट्रायल में देरी को लेकर भी सख्त टिप्पणी की। कोर्ट ने कहा कि चुनाव मामलों का समयबद्ध निपटारा होना चाहिए और ट्रायल को आगे बढ़ने दिया जाना चाहिए। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि इस स्तर पर याचिका को खारिज करने का आधार स्वीकार नहीं किया जा सकता। हालांकि, वरिष्ठ अधिवक्ताओं की दलीलों को देखते हुए कोर्ट ने कोई जुर्माना नहीं लगाया।
अब आगे क्या होगा?
इस फैसले के बाद छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में विजय बघेल की ओर से दायर चुनाव याचिका पर सुनवाई और ट्रायल आगे बढ़ेगा। भूपेश बघेल को ट्रायल के दौरान अपनी सभी कानूनी और तथ्यात्मक आपत्तियां उठाने की स्वतंत्रता रहेगी। गौरतलब है कि वर्ष 2023 के पाटन विधानसभा चुनाव में भूपेश बघेल ने 95,438 वोट हासिल कर जीत दर्ज की थी, जबकि भाजपा प्रत्याशी विजय बघेल को 75,715 वोट मिले थे। चुनावी जीत के बाद शुरू हुआ यह कानूनी विवाद अब एक बार फिर प्रदेश की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है