छत्तीसगढ़ में विज्ञान की नई उड़ान! कर्क रेखा पर बनेगा एस्ट्रो सेंटर, ड्रोन से पकड़े जाएंगे अवैध निर्माण-राज्योत्सव में विज्ञान की दुनिया का अनोखा प्रदर्शन, कहीं गायब होगी परछाई तो कहीं मिलेट्स में खोजे जा रहे कैंसर रोधी गुण

छत्तीसगढ़ में विज्ञान की नई उड़ान! कर्क रेखा पर बनेगा एस्ट्रो सेंटर, ड्रोन से पकड़े जाएंगे अवैध निर्माण-राज्योत्सव में विज्ञान की दुनिया का अनोखा प्रदर्शन, कहीं गायब होगी परछाई तो कहीं मिलेट्स में खोजे जा रहे कैंसर रोधी गुण

सूरजपुर के कर्क रेखा पर बनेगा एस्ट्रो साइंस सेंटर, नवा रायपुर में प्रस्तावित साइंस सिटी में दिखेगी भविष्य की तकनीक

रायपुर। राज्योत्सव में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की प्रदर्शनी इन दिनों आम नागरिकों, विद्यार्थियों और विज्ञान में रुचि रखने वालों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। प्रदर्शनी में खगोल विज्ञान से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), ड्रोन तकनीक और औषधीय अनुसंधान तक विज्ञान की नई संभावनाओं को रोचक तरीके से प्रस्तुत किया गया है। यहां एक ओर शून्य छाया दिवस की खगोलीय घटना का रहस्य समझाया जा रहा है, तो दूसरी ओर रागी, कोदो और बाजरा जैसे मोटे अनाजों में कैंसर रोधी गुणों को लेकर चल रहे अनुसंधान की जानकारी दी जा रही है।

कर्क रेखा पर बनेगा एस्ट्रो साइंस सेंटर, समझेंगे शून्य छाया दिवस का रहस्य

प्रदर्शनी का प्रमुख आकर्षण ‘जीरो शैडो डे’ यानी शून्य छाया दिवस है। सूरजपुर जिले की प्रतापपुर तहसील के ग्राम मायापुर में कर्क रेखा पर एस्ट्रो साइंस सेंटर प्रस्तावित है। शून्य छाया दिवस वह विशेष खगोलीय घटना है, जब स्थानीय सौर दोपहर में सूर्य ठीक सिर के ऊपर होता है और सीधी खड़ी वस्तु की छाया लगभग गायब हो जाती है। प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों में इस घटना की संभावित तिथियों और समय की जानकारी दी गई है। प्रस्तावित केंद्र विद्यार्थियों और आम नागरिकों को खगोलीय घटनाओं को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर देगा।

चार जिलों में प्रौद्योगिकी ग्राम केंद्रों से ग्रामीण विकास को बढ़ावा

छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद द्वारा बिलासपुर के भड़हा, कबीरधाम के ठाठापुर, धमतरी के शिवि और बलरामपुर के सनावर में संचालित प्रौद्योगिकी ग्राम केंद्रों की गतिविधियों को भी प्रदर्शित किया गया है। इन केंद्रों के माध्यम से किसानों और ग्रामीणों को उन्नत कृषि तकनीक, ड्रोन, रोबोटिक्स, जैविक खाद निर्माण और मोबाइल बैंकिंग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इन गांवों को आधुनिक तकनीक से जोड़कर मॉडल प्रौद्योगिकी ग्राम के रूप में विकसित करने की पहल की जा रही है।

रागी, कोदो और बाजरा में कैंसर रोधी गुणों पर अनुसंधान

प्रदर्शनी का एक महत्वपूर्ण आकर्षण मोटे अनाजों में मौजूद जैव-सक्रिय तत्वों पर चल रहा अनुसंधान है। रागी, कोदो और बाजरा में संभावित कैंसर रोधी गुणों का वैज्ञानिक अध्ययन किया जा रहा है। रागी और कोदो के अर्क की प्रारंभिक फाइटोकेमिकल स्क्रीनिंग में एल्कलॉइड्स, फ्लेवोनॉइड्स, फिनोलिक यौगिक, टैनिन्स और फाइटोस्टेरॉल्स सहित सात प्रकार के घटकों की मौजूदगी के सकारात्मक परिणाम प्रदर्शित किए गए हैं। इन जैव-सक्रिय तत्वों के परीक्षण और आगे के अनुसंधान से भविष्य में कैंसर रोधी औषधियों के विकास की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं।

नवा रायपुर में प्रस्तावित साइंस सिटी में दिखेगी भविष्य की तकनीक

प्रदर्शनी में नवा रायपुर में प्रस्तावित साइंस सिटी की रूपरेखा भी आकर्षण का केंद्र है। यहां जलवायु परिवर्तन, खनिजों की दुनिया, अंतरिक्ष एवं खगोल विज्ञान तथा अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी पर आधारित चार प्रमुख दीर्घाएं विकसित करने की योजना है। इनमें सौरमंडल, अंतरिक्ष अन्वेषण, रोबोटिक्स, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, नवीकरणीय ऊर्जा और स्मार्ट सिटी जैसी आधुनिक अवधारणाओं को प्रदर्शित किया जाएगा।

एआई गैलरी से साइबर फ्रॉड पर जागरूकता, ड्रोन से पकड़े जाएंगे अवैध निर्माण

प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ रीजनल साइंस सेंटर, रायपुर में प्रस्तावित ‘एआई-अल्टर्ड आइडेंटिटी’ गैलरी की जानकारी भी दी गई है। इसके माध्यम से डीपफेक, वॉइस क्लोनिंग, चेहरे की डिजिटल नकल, बायोमेट्रिक सुरक्षा और साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा। वहीं, ड्रोन आधारित त्रिस्तरीय स्थलाकृतिक सर्वेक्षण तकनीक के जरिए जमीन की बनावट, सड़क, भवन और अन्य अधोसंरचनाओं का सटीक सर्वेक्षण करने की क्षमता प्रदर्शित की गई है। इस तकनीक से नगरीय निकायों को अवैध निर्माण की पहचान, संपत्तियों के सत्यापन और राजस्व संग्रहण में मदद मिल सकती है। भिलाई में इस तकनीक से सर्वेक्षण किया जा चुका है। इसके लिए ट्रिनिटी एफ-90 और अस्त्रअयम ड्रोन प्रदर्शित किए गए हैं। यह तकनीकी पहल आईआईटी भिलाई के साथ हुए एमओयू के तहत विकसित की गई है। इस तरह राज्योत्सव की यह प्रदर्शनी केवल वैज्ञानिक जानकारियों का प्रदर्शन नहीं, बल्कि कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, नगरीय विकास और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में आधुनिक तकनीक के उपयोग की संभावनाओं से भी लोगों को परिचित करा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *