
YC न्यूज़ डेस्क | 15 जून 2026 -देश और दुनिया में सोमवार को कई महत्वपूर्ण घटनाएं सुर्खियों में रहीं। फ्रांस दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की नवाचार क्षमता का दुनिया के सामने उल्लेख करते हुए कहा कि “Innovation is in India’s DNA” और भारत अब दुनिया को समस्याओं का समाधान देने वाला देश बन चुका है। वहीं भारत-फ्रांस के बीच रक्षा सहयोग को और मजबूत बनाने पर भी सहमति बनी।
जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा (LOC) पर एक बार फिर तनाव बढ़ने की खबर है। पाकिस्तान की ओर से कथित संघर्षविराम उल्लंघन की सूचना के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
ओमान के समुद्री क्षेत्र में एक भारतीय जहाज अचानक डूब गया। जहाज में सवार 14 भारतीय क्रू सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ब्रिटेन ने रूस के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए समुद्र में एक रूसी तेल टैंकर पर विशेष ऑपरेशन चलाकर कब्जा कर लिया। इसे ब्रिटिश कमांडो का अब तक का सबसे बड़ा समुद्री अभियान बताया जा रहा है।
राजनीतिक गलियारों में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के 20 बागी सांसदों द्वारा एनसीपीआई में विलय और NDA को समर्थन देने की खबर ने हलचल बढ़ा दी है। सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष से संसद में अलग बैठने की व्यवस्था की मांग भी की है।
मानसून छत्तीसगढ़ की सीमा तक पहुंच गया है। मध्यप्रदेश, राजस्थान समेत नौ राज्यों में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हैं। वहीं यूपी और झारखंड में आकाशीय बिजली गिरने से 12 लोगों की मौत की खबर है।
कृषि क्षेत्र से जुड़ी एक दिलचस्प रिपोर्ट में सामने आया है कि कभी बेकार समझा जाने वाला कैक्टस अब किसानों के लिए ‘ब्लू गोल्ड’ साबित हो रहा है। मेक्सिको की 1.4 लाख करोड़ रुपये की टकीला इंडस्ट्री के लिए भारतीय किसान कच्चा माल उपलब्ध करा रहे हैं।
दिल्ली के तुगलकाबाद में हुए भीषण अग्निकांड की जांच में खुलासा हुआ है कि पैसों के विवाद के चलते एक नाबालिग ने पेट्रोल छिड़ककर आग लगाई थी। हादसे में तीन लोगों की मौत हुई थी।
राम मंदिर चंदा चोरी मामले में पुजारियों की जांच को लेकर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने इसे सनातन परंपरा का अपमान बताया है।
तकनीक की दुनिया में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। दुनिया के सबसे शक्तिशाली एआई मॉडलों में से एक को गैर-अमेरिकी उपयोगकर्ताओं के लिए प्रतिबंधित किए जाने की खबर ने भारत समेत कई देशों में चिंता बढ़ा दी है।
अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते की घोषणा चर्चा में है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के दावे के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी नौसैनिक नाकेबंदी हटाने और समझौते की पुष्टि का दावा किया है।
मनोरंजन जगत में अभिनेता थलपति विजय और उनकी पत्नी संगीता के बीच सुलह की अटकलें तेज हो गई हैं। पारिवारिक न्यायालय में सुनवाई से पहले दोनों पक्षों के बीच बातचीत जारी बताई जा रही है।
गृह मंत्री अमित शाह ने जनसांख्यिकीय बदलावों का अध्ययन कर रही समिति को सीमावर्ती जिलों का दौरा कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
उत्तर कोरिया ने अमेरिका और दक्षिण कोरिया की निरस्त्रीकरण मांग को खारिज करते हुए स्वयं को स्थायी परमाणु शक्ति घोषित किया है। खेल जगत से बड़ी खबर महिला टी-20 विश्व कप से आई, जहां भारत ने पाकिस्तान को 64 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की। भारतीय स्पिनर दीप्ति शर्मा ने पांच विकेट लेकर मैच की हीरो रहीं।