विश्व रक्तदान दिवस पर महारक्तदान शिविर आयोजित, 70 यूनिट रक्तदान; सांसद विजय बघेल ने रक्तमित्रों का किया सम्मान

विश्व रक्तदान दिवस पर महारक्तदान शिविर आयोजित, 70 यूनिट रक्तदान; सांसद विजय बघेल ने रक्तमित्रों का किया सम्मान

भिलाई। विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर रेड ड्रॉप फ्रेंड्स क्लब छत्तीसगढ़ द्वारा सुपेला स्थित साहू मित्र सभा भवन में महारक्तदान शिविर एवं प्रदेश स्तरीय रक्तमित्र सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल शामिल हुए। समारोह में रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले रक्तमित्रों एवं सामाजिक संस्थाओं को सम्मानित किया गया। आयोजित रक्तदान शिविर में लगभग 70 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। सभी रक्तदाताओं को हेलमेट एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में सांसद विजय बघेल ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है और ऐसे सेवा कार्यों में जुटे लोगों का सम्मान करना गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि आज के व्यस्त जीवन में भी समाज के लिए निस्वार्थ भाव से कार्य करने वाले लोग दूसरों के लिए प्रेरणा बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की युवा पीढ़ी सेवा और सामाजिक दायित्वों को समझते हुए आगे बढ़ रही है। प्रधानमंत्री Narendra Modi के “सेवा ही परम धर्म है” संदेश का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यही भावना समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान कर रही है।

सांसद ने रेड ड्रॉप फ्रेंड्स क्लब के संस्थापक सूरज साहू एवं उनकी टीम की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से बड़ी संख्या में लोग रक्तदान जैसे जनसेवा अभियान से जुड़ रहे हैं। उन्होंने सभी रक्तदाताओं, रक्तमित्रों एवं आयोजकों के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान अभियान में भागीदारी का आह्वान किया। कार्यक्रम में मुकेश चंद्राकर, यशवंत साहू, खेदराम साहू, रामकुमार साहू, कबीर साहू, हीराशंकर साहू, प्रेम किशन साहू सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *