मंत्रालय में नौकरी दिलाने के नाम पर 10 लाख की ठगी, NTPC में AE का फर्जी ज्वाइनिंग लेटर भेजने वाले दंपती गिरफ्तार

दुर्ग-भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में मंत्रालय और अन्य विभागों में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर 10 लाख रुपए की ठगी करने वाले पति-पत्नी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला पदमनाभपुर थाना क्षेत्र का है। आरोपियों ने पहले मंत्रालय में सहायक ग्रेड-3 की नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया और जब नौकरी नहीं लगी तो पीड़ित को NTPC में एई (असिस्टेंट इंजीनियर) पद पर नियुक्ति दिलाने का झांसा देकर फर्जी ज्वाइनिंग लेटर भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, बोरीगारका निवासी रविकांत साहू ने शिकायत दर्ज कराई थी कि प्रिया देशमुख और प्रशांत कुमार देशमुख ने मंत्रालय में सहायक ग्रेड-3 पद पर नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया था। इसके एवज में अलग-अलग किस्तों में रकम ली गई। जब मंत्रालय में नियुक्ति नहीं हुई तो आरोपियों ने एनटीपीसी में एई पद दिलाने का भरोसा दिलाया और इसी बहाने लगातार पैसे वसूलते रहे। जांच में सामने आया कि दोनों ने कुल 10 लाख रुपए विभिन्न किस्तों में लिए। बाद में पीड़ित को एनटीपीसी के नाम से फर्जी नियुक्ति पत्र ई-मेल के माध्यम से भेजा गया। दस्तावेज देखकर कुछ समय तक पीड़ित को भरोसा रहा, लेकिन जब जॉइनिंग प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी तो उसे संदेह हुआ। सत्यापन कराने पर नियुक्ति पत्र नकली निकला।

शिकायत के आधार पर पदमनाभपुर थाना में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने 28 फरवरी 2026 को प्रिया देशमुख (36), निवासी न्यू आदर्श नगर को गिरफ्तार किया। इसके बाद 1 मार्च 2026 को सह-आरोपी प्रशांत कुमार देशमुख (49) को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से फर्जी नियुक्ति पत्र की ई-मेल प्रिंट कॉपी, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं। मोबाइल व इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच जारी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने अन्य लोगों से भी इसी तरह ठगी तो नहीं की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *