कुलगाम में आतंकियों का कायराना हमला : छत्तीसगढ़ के श्रमिक दीपक रात्रे की मौत, एक गंभीर घायल

कुलगाम में आतंकियों का कायराना हमला : छत्तीसगढ़ के श्रमिक दीपक रात्रे की मौत, एक गंभीर घायल

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जताया शोक, घायल के बेहतर इलाज के दिए निर्देश; सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन जारी
रायपुर । जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकियों ने एक बार फिर निर्दोष मजदूरों को निशाना बनाते हुए कायराना हमला किया। इस हमले में छत्तीसगढ़ के एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने आतंकियों की तलाश में संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, आतंकियों ने मजदूरों पर अचानक अंधाधुंध फायरिंग कर दी। हमले में छत्तीसगढ़ निवासी दीपक रात्रे (24 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भूपेंद्र कुमार (28 वर्ष) गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत श्रमिक के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। उन्होंने घायल श्रमिक के समुचित इलाज के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। हमले की सूचना मिलते ही सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे तथा पूरे इलाके की घेराबंदी कर आतंकियों की तलाश में व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया। अधिकारियों ने कहा है कि हमलावरों की गिरफ्तारी तक अभियान लगातार जारी रहेगा। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे अमानवीय और कायरतापूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि निर्दोष मजदूरों पर हमला करने वाले आतंकियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें जल्द कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *