जामगांव आर। आज प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के तत्वावधान में ग्राम पंचायत औंसर में वर्ल्ड ऑफ डिज़ाइन एवं थिएटर क्रिएटिविटी मेला का सफल एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। इस रचनात्मक मेले में आसपास के विभिन्न गांवों से चयनित 10 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों ने बड़ी संख्या में सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में रचनात्मकता, संचार कौशल, सहयोग की भावना, समस्या समाधान क्षमता तथा छिपी प्रतिभाओं का विकास करना था। मेले के दौरान बच्चों ने डिज़ाइन एवं थिएटर से जुड़ी विविध गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेकर नवाचार, कल्पनाशीलता और आत्मविश्वास का परिचय दिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत औंसर की सरपंच श्रीमती प्रियलता महिपाल रहीं। वहीं हेल्थ केयर सेंटर हेड कोमल साहू, क्रिएटिविटी क्लब कोऑर्डिनेटर सूर्यकांत देशमुख, अश्वनी सेन एवं यशवंत साहू की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने बच्चों की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को भविष्य निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया तथा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।