
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग में शुक्रवार को भाजपा ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के समर्थन में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत सभा और पदयात्रा का आयोजन किया। कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शामिल हुए। उनके साथ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित प्रदेश के कई भाजपा नेता मौजूद रहे। सभा को संबोधित करते हुए जेपी नड्डा ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब विपक्षी दल चुनाव जीतते हैं तो चुनाव प्रक्रिया सही होती है, लेकिन हारने पर चुनाव आयोग को गलत ठहराने लगते हैं। हमें इस तरह की अराजकता से बचने की आवश्यकता है। नड्डा ने कहा कि विपक्षी दल लोकतंत्र की बात करते हैं, लेकिन यही वे लोग हैं जिन्होंने देश में आपातकाल (इमरजेंसी) लगाया था। उन्होंने SIR को लेकर उठाए जा रहे सवालों के बीच मतदाता सूची को सही और पारदर्शी बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।
भाषण के दौरान खाली होने लगीं कुर्सियां
कार्यक्रम की शुरुआत में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और लोग पहुंचे थे। हालांकि, केंद्रीय मंत्री के भाषण के दौरान कुछ लोग कार्यक्रम स्थल से बाहर जाते दिखाई दिए। स्थिति यह रही कि लोगों की आवाजाही रोकने के लिए गेट पर व्यवस्था करनी पड़ी। कार्यक्रम के दौरान खाली होती कुर्सियां भी चर्चा का विषय रहीं।
SIR के समर्थन में निकाली पदयात्रा
सभा के बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के समर्थन में पदयात्रा निकाली। ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत आयोजित इस पदयात्रा में जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी शामिल हुए। पदयात्रा का उद्देश्य मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम शामिल कराने और अपात्र नामों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत हटाने के प्रति लोगों को जागरूक करना बताया गया। भाजपा ने कार्यकर्ताओं को SIR की प्रक्रिया और उसके उद्देश्य की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी सौंपी है।
केदार कश्यप बोले- कांग्रेस ने सिर्फ भ्रम फैलाया
पदयात्रा के दौरान प्रदेश के कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि SIR को लेकर कांग्रेस की ओर से लगाए जा रहे आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है। कांग्रेस ने केवल भ्रम फैलाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध और व्यवस्थित बनाने की प्रक्रिया पर बेवजह सवाल खड़े किए जा रहे हैं।
विजय बघेल और रिकेश सेन भी हुए शामिल
कार्यक्रम में दुर्ग सांसद विजय बघेल ने भी विपक्षी दलों पर देश में अराजकता फैलाने का आरोप लगाया। भाजपा विधायक रिकेश सेन, जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी पदयात्रा में शामिल हुए।SIR को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच जारी राजनीतिक बयानबाजी के बीच दुर्ग में आयोजित इस कार्यक्रम को भाजपा के जनजागरण अभियान के तौर पर देखा जा रहा है। वहीं, 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली INDIA गठबंधन की रैली से पहले दोनों दलों के बीच सियासी टकराव भी तेज हो गया है।