
रायपुर, 16 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में प्रवेश का इंतजार कर रहे विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है। उच्च शिक्षा विभाग ने प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 अगस्त 2026 कर दी है। इससे उन विद्यार्थियों को विशेष राहत मिलेगी, जो समय पर दाखिला नहीं ले सके थे। पहले प्राचार्य स्तर पर प्रवेश की अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित थी, जबकि कुलपति की विशेष अनुमति से 14 अगस्त तक प्रवेश दिया जा सकता था। अब विभाग ने प्रवेश की अवधि बढ़ाकर 31 अगस्त कर दी है।
मेरिट लिस्ट नहीं, पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर प्रवेश
नई व्यवस्था के तहत अब नई मेरिट लिस्ट जारी नहीं की जाएगी। उपलब्ध सीटों के आधार पर विद्यार्थियों को पहले आओ-पहले पाओ की प्रक्रिया से प्रवेश दिया जाएगा। जिन महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में सीटें रिक्त हैं, वहां विद्यार्थी निर्धारित अवधि में दाखिला ले सकेंगे।
द्वितीय परीक्षा में सफल विद्यार्थियों को बड़ी राहत
प्रवेश की तारीख बढ़ाने से माध्यमिक शिक्षा मंडल की द्वितीय परीक्षा में सफल विद्यार्थियों को विशेष लाभ मिलेगा। कक्षा 12वीं की द्वितीय परीक्षा में 34,493 विद्यार्थी शामिल हुए थे, जिनमें करीब 23 हजार विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। इनमें ऐसे विद्यार्थी भी बड़ी संख्या में हैं, जो पूरक श्रेणी में थे और परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद अब उच्च शिक्षा में प्रवेश के लिए पात्र हो गए हैं।
खाली सीटों पर प्रवेश का रास्ता खुला
द्वितीय परीक्षा का परिणाम जारी होने के बाद विद्यार्थियों के पास कॉलेज में प्रवेश के लिए बेहद कम समय बचा था। ऐसे में कई विद्यार्थी दाखिला नहीं ले पाए थे। अब 31 अगस्त तक समय मिलने से उन्हें दोबारा अवसर मिल गया है। प्रवेश की समय-सीमा बढ़ने से उन महाविद्यालयों को भी राहत मिलेगी, जहां अभी तक सीटें रिक्त हैं। विद्यार्थी उपलब्ध सीटों के आधार पर संबंधित महाविद्यालय या विश्वविद्यालय में प्रवेश ले सकेंगे।