
मातंगी धाम के पीठाधीश डॉ. प्रेमासाई महाराज देंगे शिवभक्तों को आशीर्वाद
पाटन। सावन के तीसरे सोमवार 17 अगस्त को पाटन से टोलाघाट तक भव्य एवं विशाल बोल बम कांवर यात्रा निकाली जाएगी। बोल बम कांवर यात्रा समिति पाटन द्वारा आयोजित इस यात्रा का नेतृत्व समिति के संयोजक जितेन्द्र वर्मा करेंगे। यात्रा में पाटन सहित आसपास के क्षेत्रों से 50 हजार से अधिक शिवभक्तों के शामिल होने की संभावना है। यात्रा को लेकर क्षेत्र में उत्साह और भक्ति का माहौल है। शिवभक्त पाटन के ओग्गर तालाब स्थित भगवान भोलेनाथ का पूजन-अर्चन कर जल लेकर सुबह 9 बजे टोलाघाट के लिए रवाना होंगे। यात्रा के दौरान ‘बोल बम’ के जयघोष से पूरा क्षेत्र शिवमय नजर आएगा।
आस्था, अनुशासन और सामाजिक समरसता का प्रतीक
कांवर यात्रा समिति के संयोजक जितेन्द्र वर्मा ने कहा कि कांवर यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, आस्था, अनुशासन, सेवा और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। यह आयोजन किसी एक व्यक्ति या समिति का नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की सामूहिक आस्था और सहभागिता का महापर्व है। उन्होंने सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक संगठनों, युवा मंडलों, महिला समूहों, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, स्वयंसेवकों एवं समस्त शिवभक्तों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।
‘एक मुट्ठी दान भगवान शंकर के नाम’ से बनेगा महाप्रसाद
टोलाघाट पहुंचने वाले शिवभक्तों के लिए ‘एक मुट्ठी दान भगवान शंकर के नाम’ अभियान के तहत प्राप्त अन्न एवं सहयोग से महाप्रसाद तैयार किया जाएगा। समिति द्वारा सभी श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की गई है।
डॉ. प्रेमासाई महाराज देंगे आशीर्वाद
मां मातंगी दिव्य धाम के पीठाधीश त्रिकालदर्शी परम पूज्य डॉ. प्रेमासाई महाराज भी टोलाघाट पहुंचेंगे और कांवर यात्रियों एवं शिवभक्तों को आशीर्वाद प्रदान करेंगे। उनके आगमन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है।
50 हजार से अधिक शिवभक्तों के पहुंचने की संभावना
समिति के अनुसार पाटन क्षेत्र सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यात्रा में शामिल होंगे। 50 हजार से अधिक शिवभक्तों के टोलाघाट पहुंचने की संभावना है। यात्रा को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए समिति द्वारा आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
‘सोनहा बादर’ की होगी सांस्कृतिक प्रस्तुति
टोलाघाट में धार्मिक आयोजन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इस दौरान प्रसिद्ध गायक जितेंद्र साहू कृत ‘सोनहा बादर’ की सांस्कृतिक प्रस्तुति होगी। शिवभक्त धार्मिक आस्था के साथ इस सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आनंद लेंगे। समिति ने समस्त शिवभक्तों से 17 अगस्त को पाटन से टोलाघाट तक आयोजित होने वाली भव्य कांवर यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।