जामगांव आर। शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय जामगांव आर में सत्र 2025-26 की वार्षिक प्रायोगिक परीक्षाओं की तिथियों की घोषणा कर दी गई है। महाविद्यालय प्रशासन द्वारा सभी नियमित, प्राइवेट एवं भूतपूर्व विद्यार्थियों को परीक्षा कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए उन्हें कड़ी मेहनत कर न केवल महाविद्यालय, बल्कि अपने भविष्य को भी उज्ज्वल बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
महाविद्यालय में संकाय अध्यक्षों द्वारा विशेष कक्षाएं आयोजित कर द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के विज्ञान एवं कला संकाय के विद्यार्थियों को प्रायोगिक परीक्षाओं की तिथियों की जानकारी दी गई। घोषित कार्यक्रम के अनुसार भौतिक शास्त्र की प्रायोगिक परीक्षा 28 फरवरी 2026 को, रसायन शास्त्र 2 मार्च को, गणित प्रोजेक्ट व वायवा 6 मार्च को, प्राणी शास्त्र 6 मार्च को, वनस्पति शास्त्र 7 मार्च तथा भूगोल विभाग की प्रायोगिक परीक्षा 7 मार्च 2026 को प्रातः 9:00 बजे से आयोजित की जाएगी।
कालेज प्रबंधन ने सभी विद्यार्थियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपनी तैयारी पूर्ण कर निर्धारित समय से कम से कम 30 मिनट पूर्व महाविद्यालय में उपस्थित होना सुनिश्चित करें। निर्धारित तिथि एवं समय पर अनुपस्थित रहने की स्थिति में इसकी जिम्मेदारी स्वयं विद्यार्थियों की होगी। संकाय प्रभारियों ने स्पष्ट किया कि प्रायोगिक परीक्षा उत्तीर्ण किए बिना वार्षिक परीक्षा में सम्मिलित होने की पात्रता प्रदान नहीं की जाएगी।
प्राचार्य एवं समस्त प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कड़ी मेहनत का कोई विकल्प नहीं होता और निरंतर प्रयास ही सफलता की कुंजी है।