एसडीओपी पर चाकू से जानलेवा हमला, दुर्ग से दंतेवाड़ा तक पीछा कर आरोपी ने दिया वारदात को अंजाम

दंतेवाड़ा। सुकमा जिले के जगरगुंडा थाना क्षेत्र में पदस्थ एसडीओपी तोमेश वर्मा पर दंतेवाड़ा शहर में अज्ञात युवक ने चाकू से हमला कर दिया। यह घटना दंतेवाड़ा के टीवीएस शोरूम के पास उस समय हुई, जब एसडीओपी वर्मा अपने वाहन से नीचे उतर रहे थे। अचानक हुए इस हमले में वे घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है। घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने आरोपी को पकड़ लिया। गुस्साए लोगों और पुलिस ने आरोपी की जमकर धुनाई की। बाद में उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। आरोपी की पहचान रविशंकर साहू, निवासी दुर्ग के रूप में हुई है।

सूत्रों के अनुसार, आरोपी ने सुकमा से दंतेवाड़ा तक करीब 80 किलोमीटर तक एसडीओपी वर्मा की गाड़ी का पीछा किया और दंतेवाड़ा पहुंचते ही मौके का फायदा उठाकर उन पर चाकू से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि एसडीओपी वर्मा किसी काम से सुकमा से दंतेवाड़ा आए हुए थे। हमले के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना दंतेवाड़ा से वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया।

हमले को लेकर यह चर्चा भी सामने आ रही है कि एसडीओपी तोमेश वर्मा पूर्व में दुर्ग में पदस्थ थे और आरोपी रविशंकर साहू से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि पुरानी रंजिश के चलते ही इस वारदात को अंजाम दिया गया हो। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और हमले के पीछे की असली वजह जानने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और मामले की गहन जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *