जामगांव आर। छत्तीसगढ़ के प्रथम स्वतंत्रता सेनानी शहीद वीर नारायण सिंह के शहादत दिवस के अवसर पर शुक्रवार को ग्राम खोला में आदिवासी ध्रुव गोड़ समाज द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत दुर्ग की सभापति कल्पना नारद साहू उपस्थित रहीं। उन्होंने शहीद वीर नारायण सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके अदम्य साहस और बलिदान को नमन किया। इस दौरान परिसर “अमर रहें शहीद वीर नारायण सिंह” के जयघोष से गूंज उठा। अपने उद्बोधन में सभापति कल्पना नारद साहू ने कहा कि वीर नारायण सिंह का बलिदान केवल इतिहास का अध्याय नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के स्वाभिमान, संघर्ष और पराक्रम की अमर गाथा है। उन्होंने कहा कि शहीद वीर नारायण सिंह ने किसानों और गरीबों के अधिकारों के लिए जो संघर्ष किया, वह आज भी समाज को अन्याय के विरुद्ध खड़े होने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में नारद साहू अध्यक्ष भाजयुमो दक्षिण पाटन, श्रीमती पुष्पलता पिंटू जांगड़े, लक्ष्मण कोठारी उपसरपंच, देवेश्वरी, सोहद्रा, तारनी पंच, खिलावान ध्रुव, रवि, सोनशाय साहू, कमलेश यादव, अभिषेक सेन सहित बड़ी संख्या में समाजजन एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संचालन शीतल कोठारी ने किया।