3 दिन में 8 ग्रामीणों की मौत से हड़कंप, जहरीली शराब की आशंका; दफन शव निकालकर शुरू हुई जांच

3 दिन में 8 ग्रामीणों की मौत से हड़कंप, जहरीली शराब की आशंका; दफन शव निकालकर शुरू हुई जांच

खर्वे गांव में मातम का माहौल, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए नमूने; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

बलौदाबाजार। जिले के कसडोल थाना क्षेत्र के ग्राम खर्वे में तीन दिनों के भीतर आठ ग्रामीणों की मौत के मामले ने सनसनी फैला दी है। ग्रामीणों द्वारा कथित जहरीली शराब पिलाए जाने के आरोप लगाए जाने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम गांव पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। मौतों के कारणों का पता लगाने के लिए दफनाए गए शवों को बाहर निकालकर वैज्ञानिक परीक्षण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार, विकासखंड मुख्यालय से लगभग तीन किलोमीटर दूर स्थित खर्वे गांव में लगातार हो रही मौतों से ग्रामीणों में भय और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के ही एक व्यक्ति ने शराब में जहरीला पदार्थ मिलाकर कई लोगों को पिलाया, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और मौत हो गई।

मंगलवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण कसडोल थाना पहुंचे थे और उन्होंने कथित आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। ग्रामीणों का कहना है कि मृतकों को कोई गंभीर बीमारी नहीं थी और एक ही स्रोत से शराब सेवन करने के बाद उनकी हालत अचानक खराब हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। अधिकारियों की मौजूदगी में दफन शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मौके पर पहुंची एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम ने भी विभिन्न नमूने एकत्र कर परीक्षण शुरू कर दिया है।

गांव में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद हैं और पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन का कहना है कि मौतों के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चिंता और मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, जबकि प्रशासन ने निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने का भरोसा दिलाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *