समर्पण निःशुल्क कोचिंग क्लास आगेसरा की पहली वर्षगांठ पर 100 पौधों का रोपण, हरित भविष्य का लिया संकल्प

समर्पण निःशुल्क कोचिंग क्लास आगेसरा की पहली वर्षगांठ पर 100 पौधों का रोपण, हरित भविष्य का लिया संकल्प

जामगांव आर । ग्राम पंचायत स्तर पर संचालित छत्तीसगढ़ के प्रथम निःशुल्क कोचिंग सेंटर “समर्पण निःशुल्क कोचिंग क्लास, आगेसरा” की प्रथम वर्षगांठ पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ मनाई गई। इस अवसर पर ग्राम पंचायत आगेसरा के सहयोग से मां वृंदा देवी डिंडा कपाट धाम प्रांगण एवं मुक्तिधाम परिसर में 100 विभिन्न प्रजातियों के औषधीय, छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण किया गया। समर्पण निःशुल्क कोचिंग क्लास के संस्थापक एवं ग्राम पंचायत आगेसरा के सरपंच रमाकांत साहू ने बताया कि संस्था की पहली वर्षगांठ पर 100 वृक्ष लगाने का संकल्प लिया गया था, जिसे पौधारोपण अभियान के माध्यम से साकार किया गया। लगाए गए सभी पौधे लगभग 4 से 5 फीट ऊंचाई के हैं, जिससे उनके शीघ्र विकसित होने की संभावना है।

वृक्षारोपण अभियान में विद्यार्थियों, अभिभावकों, ग्रामवासियों, वरिष्ठ नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। इस दौरान पौधारोपण के साथ उनके संरक्षण एवं संवर्धन की सामूहिक जिम्मेदारी लेने का संकल्प भी लिया गया। विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व से अवगत कराते हुए प्रत्येक व्यक्ति से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया गया। उल्लेखनीय है कि समर्पण निःशुल्क कोचिंग क्लास, आगेसरा पिछले एक वर्ष से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रही है। संस्था द्वारा शिक्षा के साथ सामाजिक जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, जनसेवा एवं मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए भी विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। प्रथम वर्षगांठ पर आयोजित 100 पौधों का यह रोपण अभियान संस्था की सामाजिक प्रतिबद्धता और हरित भविष्य के प्रति उसके संकल्प को दर्शाता है।

इस अवसर पर सरपंच एवं संस्था के संस्थापक रमाकांत साहू ने कहा कि शिक्षा और पर्यावरण दोनों ही समाज के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं। संस्था विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ समाज और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने सभी सहयोगियों, विद्यार्थियों, ग्रामीणों एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी शिक्षा, सेवा, पर्यावरण संरक्षण एवं समाजहित से जुड़े जनकल्याणकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में सरजू राम साहू, नंदकुमार पटेल, जसवंत साहु,कमलेश्वर साहू, सियाराम साहू, विजय सोनी, छबलू साहू, संजू साहू, पूनम पटेल, खिलेश्वर साहू, संतोष साहू, भानु साहू, पोषण पटेल, ईश्वरी साहू, प्रेमलता साहू सहित अनेक वरिष्ठ नागरिक, जनप्रतिनिधि, ग्रामीणजन एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *