
जामगांव आर। शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय, जामगांव आर, भरर में शिक्षा एवं महिला स्वास्थ्य विषय पर विशेष परिचर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन MYL Organics, उतई, दुर्ग के सहयोग से किया गया। परिचर्चा में विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, महिला स्वास्थ्य एवं मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने तथा नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा भारत में स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को फास्ट फूड, मोबाइल की अत्यधिक लत तथा अस्वस्थ जीवनशैली से बचने की सलाह देते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन ही उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं। उन्होंने Gen Z के विद्यार्थियों से स्वस्थ आदतों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाकर भविष्य को बेहतर एवं सशक्त बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में MYL Organics, उतई के हेल्थ कोच दुष्यंत साहू एवं कुमारी मोनिका साहू ने विद्यार्थियों से संवाद किया। इस दौरान युवा पीढ़ी के खान-पान, दैनिक दिनचर्या, शारीरिक सक्रियता, नींद की कमी तथा मोबाइल की बढ़ती लत जैसे समसामयिक विषयों पर चर्चा की गई। विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं एवं जिज्ञासाओं को समझने तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक सुझाव दिए गए।
हेल्थ कोच मोनिका साहू ने छात्राओं से महिला स्वास्थ्य एवं मासिक धर्म स्वच्छता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, गुणवत्तापूर्ण सेनेटरी नैपकिन के उपयोग तथा उनके सुरक्षित निपटान की जानकारी दी। छात्राओं द्वारा पूछे गए स्वास्थ्य संबंधी प्रश्नों एवं जिज्ञासाओं का भी समाधान किया गया।
महाविद्यालय की NSS एवं महिला सेल की संयोजक चेतना सोनी ने प्लास्टिक उत्पादों के अत्यधिक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक किया। उन्होंने प्लास्टिक से पर्यावरण एवं मानव स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों की जानकारी देते हुए इसके उपयोग को कम करने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने नशामुक्ति की शपथ ली और स्वस्थ, जागरूक एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के विद्यार्थी एवं संबंधित आयोजक उपस्थित रहे।