
कवर्धा। पुलिस भर्ती के रिक्त पदों को वेटिंग लिस्ट के जरिए भरने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों के प्रदर्शन में मंगलवार को तनाव की स्थिति बन गई। डिप्टी CM विजय शर्मा के कार्यालय के बाहर पिछले 12 दिनों से धरने पर बैठे अभ्यर्थियों को पुलिस ने वहां से हटा दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों को राजमहल चौक स्थित निर्धारित धरना स्थल पर भेजा गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस और अभ्यर्थियों के बीच बहस एवं तनातनी भी हुई। पुलिस भर्ती अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया में रिक्त रह गए करीब 1600 पदों को वेटिंग लिस्ट के माध्यम से भरने की मांग कर रहे हैं। इसी मांग को लेकर अभ्यर्थियों का धरना पिछले 12 दिनों से डिप्टी CM कार्यालय के बाहर चल रहा था। मंगलवार को पुलिस ने कार्यालय के बाहर से प्रदर्शनकारियों को हटाने की कार्रवाई की।
जगह बदली, आंदोलन खत्म नहीं
डिप्टी CM कार्यालय से हटाए जाने के बाद अभ्यर्थियों को राजमहल चौक स्थित निर्धारित धरना स्थल पर भेजा गया। हालांकि, प्रदर्शनकारियों ने आंदोलन समाप्त करने से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि धरना स्थल बदलने से उनकी मांग नहीं बदलेगी।
अभ्यर्थियों ने कहा कि जब तक 1600 रिक्त पदों को वेटिंग लिस्ट से भरने को लेकर सरकार की ओर से निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शनकारी सरकार से भर्ती प्रक्रिया में रिक्त पदों को वेटिंग लिस्ट के जरिए भरने की मांग कर रहे हैं। पुलिस की कार्रवाई के बाद अब आंदोलन का स्थल बदल गया है, लेकिन अभ्यर्थियों का विरोध प्रदर्शन जारी है। ऐसे में सरकार और पुलिस भर्ती अभ्यर्थियों के बीच यह गतिरोध आगे भी जारी रहने के आसार हैं।