रायपुर। छत्तीसगढ़ में शासकीय कर्मचारियों, अधिकारियों और शिक्षकों का अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर आक्रोश बुधवार 18 नवंबर को प्रदेशभर में सड़कों पर दिखाई दिया। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रांतीय आह्वान पर राजधानी रायपुर के इंद्रावती भवन से लेकर प्रदेश के सभी संभागीय, जिला एवं ब्लॉक मुख्यालयों तक आक्रोश रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया गया। फेडरेशन ने सरकार से स्पष्ट मांग की है कि कर्मचारियों के विरुद्ध दमनात्मक एवं दंडात्मक कार्रवाई तत्काल बंद कर उनकी जायज मांगों का निराकरण सकारात्मक संवाद और बातचीत के माध्यम से किया जाए। राजधानी रायपुर में इंद्रावती भवन के गेट क्रमांक-3 से कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने रैली निकालकर अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार प्रदर्शन किया तथा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदेश के विभिन्न शासकीय कार्यालयों, स्कूलों, नगरीय निकायों और विश्वविद्यालयों के कर्मचारियों एवं शिक्षकों ने भी आंदोलन में भागीदारी निभाई।
फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा एवं संभाग प्रभारियों के मार्गदर्शन में प्रदेश के 33 जिलों और 146 ब्लॉकों में रैली आयोजित कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपे गए। आंदोलन में कर्मचारियों की व्यापक भागीदारी देखने को मिली।
रायपुर से लेकर सभी संभागों में प्रदर्शन
रायपुर संभाग में संभाग प्रभारी चंद्रशेखर तिवारी, प्रदेश प्रवक्ता पंकज पाण्डेय एवं जिला संयोजक पीतांबर पटेल के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। वहीं नवा रायपुर विभागाध्यक्ष कार्यालय के अध्यक्ष जय कुमार साहू एवं नवा रायपुर संयोजक संतोष कुमार वर्मा के नेतृत्व में इंद्रावती भवन में कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। प्रदर्शन में संजय शर्मा, विजय कुमार झा, अश्वनी चेलक, रामचंद्र टांडी, भागवत कश्यप, कमलेश तिवारी, राजू शर्मा सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी-अधिकारी शामिल हुए। महासमुंद में टेकराम सेन, धमतरी में चंदूलाल चंद्राकर, गरियाबंद में एम.आर. खान तथा बलौदाबाजार में डॉ. एल.एस. ध्रुव के नेतृत्व में रैली निकाली गई।
दुर्ग संभाग में संभाग प्रभारी राजेश चटर्जी के मार्गदर्शन एवं जिला संयोजक विजय लहरे के नेतृत्व में प्रदर्शन हुआ। राजनांदगांव में सतीश व्यौहारे, बालोद में लोकेश साहू, बेमेतरा में नानक राम साहू, कबीरधाम में अर्जुन चंद्रवंशी एवं मानपुर-मोहला में ओ.पी. माहला के नेतृत्व में कर्मचारियों ने आंदोलन में भागीदारी निभाई। बिलासपुर संभाग में संभाग प्रभारी जी.आर. चंद्रा एवं रोहित तिवारी के मार्गदर्शन में जिला संयोजक राजेश गुप्ता के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। जांजगीर-चांपा, कोरबा, मुंगेली, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, रायगढ़ और सारंगढ़ में भी जिला संयोजकों के नेतृत्व में कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया।
इसी तरह बस्तर संभाग के जगदलपुर सहित कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा में तथा सरगुजा संभाग के अंबिकापुर, सूरजपुर, कोरिया, बलरामपुर, जशपुर एवं मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में भी कर्मचारियों ने रैली निकालकर अपनी मांगों के समर्थन में ज्ञापन सौंपा।
ये हैं फेडरेशन की दो प्रमुख मांगें
फेडरेशन की पहली मांग छत्तीसगढ़ राजस्व पटवारी संघ के आंदोलन का सम्मानजनक समाधान करने की है। इसके तहत पटवारियों की व्यावहारिक एवं तकनीकी समस्याओं का निराकरण करने और उनके विरुद्ध की गई दंडात्मक कार्यवाहियों को तत्काल निरस्त करने की मांग की गई है।
दूसरी मांग प्रदेश के शासकीय सेवकों एवं पेंशनरों को केंद्र सरकार के समान लंबित 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता एवं महंगाई राहत देय तिथि से एरियर्स सहित प्रदान करने की है।
दमन से नहीं, संवाद से हो समस्याओं का समाधान : कमल वर्मा
फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा ने कहा कि प्रदेश के कर्मचारी एवं अधिकारी सरकार से टकराव नहीं चाहते, बल्कि अपनी जायज मांगों का सम्मानजनक समाधान चाहते हैं। एक ओर सरकार कर्मचारियों के हितों के प्रति प्रतिबद्धता की बात करती है, वहीं दूसरी ओर लंबित अधिकारों के लिए कर्मचारियों को आंदोलन करने के लिए विवश होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी की गारंटी को लागू करने के तीन वर्ष व्यतीत होने के बाद भी इन मांगों पर ठोस पहल नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि आज की आक्रोश रैली प्रदेश के कर्मचारियों की एकजुटता और असंतोष का स्पष्ट संदेश है। सरकार को कर्मचारियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए दोनों मांगों पर तत्काल सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।
मांगों का समाधान नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन
फेडरेशन के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकार यदि शीघ्र संवाद स्थापित कर मांगों का निराकरण नहीं करती है, तो आगामी रणनीति तय कर प्रदेशव्यापी उग्र हड़ताल सहित व्यापक आंदोलन का निर्णय लिया जाएगा। फेडरेशन ने दोहराया कि कर्मचारियों के सम्मान, अधिकार एवं न्याय की लड़ाई को निर्णायक मुकाम तक पहुंचाने के लिए संगठन प्रतिबद्ध है।