धान खरीदी के बीच पटवारियों की हड़ताल पर किसान मितान महासंघ के तीखे सवाल, किसानों के हितों पर कुठाराघात या ऑनलाइन पारदर्शी व्यवस्था का विरोध?

दुर्ग। छत्तीसगढ़ किसान मितान महासंघ ने पटवारियों की बार-बार होने वाली हड़ताल पर कड़ा विरोध जताते हुए इसे किसानों के हितों पर कुठाराघात बताया है। महासंघ के पदाधिकारियों ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि राज्य की विष्णुदेव साय सरकार किसानों के आर्थिक और सामाजिक उत्थान के लिए लगातार महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है, लेकिन हड़ताल के माध्यम से किसान हितैषी व्यवस्था को बाधित करने का प्रयास दुर्भाग्यपूर्ण है।

महासंघ प्रदेश अध्यक्ष कमलेश सिंह राजपूत ने कहा कि किसानों और आम नागरिकों को बिचौलियों और कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर से मुक्ति दिलाने के लिए नामांतरण, बंटवारा, फौती, डायवर्सन, सीमांकन और रजिस्ट्री जैसी राजस्व सेवाओं को ऑनलाइन किया जा रहा है। विगत तीन-चार वर्षों से पटवारी कभी ऑनलाइन राजस्व कार्यों तो कभी पीवी ऐप जैसी डिजिटल व्यवस्था का विरोध कर हड़ताल पर चले जाते हैं।उन्होंने सवाल उठाया कि यदि कोई तकनीकी या व्यावहारिक कठिनाई है, तो उसे उचित माध्यम से शासन के समक्ष रखकर समाधान कराया जाना चाहिए, न कि बार-बार हड़ताल कर आम जनता को परेशान किया जाए।

धान खरीदी और छात्रों के काम हो रहे प्रभावित

संघ के पदाधिकारियों नेतराम साहू, दिनेश सिंह, जोगेंद्र पटेल,अमरीश परगनिहा, शलभ वर्मा,तेजकुमार नागवंशी, मनोज ठाकुर,भुनेशवरी वर्मा विकास गुप्ता ने जारी बयान में कहा है कि वर्तमान में धान खरीदी का महत्वपूर्ण समय चल रहा है। सरकार ने प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी और पूरी आदान राशि देने का प्रावधान किया है। ऐसे समय में फसल और रकबा संशोधन के सत्यापन जैसे कार्यों को छोड़कर हड़ताल पर जाना किसानों की समस्याओं को बढ़ाने वाला कदम है। इससे न केवल किसान, बल्कि विद्यार्थियों के जाति प्रमाण पत्र और आम नागरिकों के राजस्व प्रकरण भी अटक रहे हैं। हालांकि, राज्य सरकार ने वैकल्पिक प्रशासनिक माध्यमों से व्यवस्था को सुचारू रखकर किसानों के प्रति अपनी संवेदनशीलता दिखाई है।

कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग

छत्तीसगढ़ किसान मितान महासंघ ने राज्य सरकार से मांग की है कि अपनी मांगों के लिए बातचीत का रास्ता अपनाने के बजाय बार-बार शासकीय कार्यों को बाधित करने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध निष्पक्ष जांच कर कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। महासंघ ने दोषी कर्मचारियों के निलंबन से लेकर सेवा से पृथक करने तक की कार्रवाई पर विचार करने तथा किसानों के कार्यों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था को और मजबूत बनाने का आग्रह किया है। महासंघ ने प्रदेश के किसानों को आश्वस्त किया कि अन्नदाता के अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *