हनुमंत कथा के चौथे दिवस उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा हुए शामिल, पं. धीरेंद्र शास्त्री के प्रयासों को बताया सनातन जागरण का आधार ! डिप्टी सीएम बोले– समाज को जोड़ने वाला ही राष्ट्र को मजबूत करता है

भिलाई । जयंती स्टेडियम भिलाई में आयोजित पांच दिवसीय हनुमंत कथा के चौथे दिवस रविवार को बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र शास्त्री की कथा में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा सहित अनेक गणमान्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए। कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने व्यासपीठ की आरती में सहभागिता कर पं. धीरेंद्र शास्त्री से आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि पं. धीरेंद्र शास्त्री द्वारा सनातन संस्कृति की प्रतिष्ठा, सामाजिक समरसता और जन-जागरूकता के लिए किए जा रहे प्रयास अत्यंत सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि उनकी प्रार्थना है कि महाराज का छत्तीसगढ़ में बार-बार आगमन होता रहे, जिससे समाज को मार्गदर्शन मिलता रहे।
समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम बनी कथा
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि महाराज के छत्तीसगढ़ आगमन से समाज में सकारात्मक चर्चा और वैचारिक जागरूकता उत्पन्न होती है। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि वे जब भी महाराज के कार्यक्रमों में शामिल हुए हैं, उन्होंने समाज में व्याप्त ऊंच-नीच और भेदभाव को समाप्त करने के लिए किए जा रहे उनके निरंतर प्रयासों को निकट से देखा है।श्री शर्मा ने कहा कि पं. धीरेंद्र शास्त्री समाज में समरसता, एकता और राष्ट्र को एक सूत्र में बांधने का कार्य कर रहे हैं। यही कारण है कि लाखों-करोड़ों श्रद्धालुओं की भावना है कि महाराज का छत्तीसगढ़ में बार-बार आगमन हो और उनका मार्गदर्शन मिलता रहे।
नक्सलवाद पर भी रखी बात
उप मुख्यमंत्री ने नक्सलवाद के मुद्दे पर भी चर्चा करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार नक्सलवाद के समापन के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि इस विषय पर भी महाराज की चिंता और मार्गदर्शन समाज के लिए महत्वपूर्ण है।
अनेक जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित
इस अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री धरमलाल कौशिक, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री गौरीशंकर अग्रवाल, राजनांदगांव सांसद श्री संतोष पाण्डेय तथा पूर्व सांसद श्रीमती सरोज पाण्डेय सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *