रायपुर, 28 दिसंबर 2025। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कर्मचारी-अधिकारियों की हड़ताल और आंदोलन को लेकर सरकार का रुख स्पष्ट करते हुए कहा है कि राज्य सरकार कर्मचारी हितैषी है और उनके हित में हर संभव निर्णय लिए जाएंगे। नवा रायपुर स्थित अटल निवास में पत्रकारों से चर्चा के दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और कई समसामयिक मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
• 125 दिन रोजगार से कांग्रेस परेशान
डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि केंद्र सरकार की “विकसित भारत जी राम जी योजना” के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में अब 100 की बजाय 125 दिनों का रोजगार दिया जा रहा है। यह योजना गरीब, मजदूर और ग्रामीण परिवारों के लिए लाभकारी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा,
“जब-जब कोई जनहित और राष्ट्रहित का फैसला होता है, कांग्रेस को पेट में दर्द होने लगता है। कांग्रेस को विकास नहीं, सिर्फ राजनीति नजर आती है।”
• सनातन धर्म को लेकर कांग्रेस पर हमला
अरुण साव ने कांग्रेस पर सनातन धर्म विरोधी मानसिकता रखने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जहां-जहां सनातन धर्म का प्रचार-प्रसार होता है, वहां कांग्रेस असहज हो जाती है। उन्होंने कहा कि समाज को जोड़ने वाले प्रयास कांग्रेस को स्वीकार नहीं हैं, क्योंकि उनकी राजनीति विभाजन पर आधारित है।
• बागेश्वर धाम और धीरेंद्र शास्त्री पर बयान
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र शास्त्री दुर्ग में हनुमंत कथा कर रहे हैं, जिसमें लाखों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा, “धीरेंद्र शास्त्री सनातन समाज को एकजुट कर रहे हैं, यही कारण है कि कांग्रेस नेताओं में बेचैनी है।”
• रायगढ़ घटना पर सख्त कार्रवाई का भरोसा
रायगढ़ की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए अरुण साव ने कहा कि दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून हाथ में लेने की इजाजत किसी को नहीं है और हिंसा किसी भी रूप में स्वीकार नहीं की जाएगी।
• कर्मचारियों के आंदोलन पर सरकार का पक्ष
कर्मचारियों की हड़ताल और आंदोलन को लेकर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार लगातार कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान कर रही है। नई भर्तियों की प्रक्रिया भी जारी है। उन्होंने कर्मचारियों से संवाद और बातचीत के माध्यम से समाधान निकालने की अपील करते हुए कहा कि सरकार आगे भी कर्मचारियों के हित में फैसले लेती रहेगी।
• कांग्रेस को दी नसीहत
अरुण साव ने कांग्रेस से सकारात्मक राजनीति करने की अपील की। उन्होंने कहा कि विकास, रोजगार और सांस्कृतिक मूल्यों से जुड़े फैसलों का विरोध करना कांग्रेस की पुरानी आदत है, लेकिन जनता अब सब समझ रही है।